डीसी अजय कुमार ने फर्रूखनगर अनाज मंडी का किया निरीक्षण, खरीद व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, पारदर्शी और समयबद्ध खरीद सुनिश्चित करें : डीसी

गुरुग्राम, 02 अप्रैल। डीसी अजय कुमार ने सरसों और गेहूं की खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए फर्रूखनगर अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में गेट पास व्यवस्था, वाहनों की एंट्री, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने स्वयं एक किसान से बातचीत कर गेट पास बनवाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रक्रिया को और अधिक सरल व पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएं ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने मंडी के प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता जांची और निर्देश दिए कि कैमरों का रुख आने-जाने वाले वाहनों की दिशा में सुनिश्चित किया जाए तथा वे 24 घंटे चालू स्थिति में रहें।

डीसी अजय कुमार ने मार्केट कमेटी सचिव को निर्देश दिए कि मंडी में अनाज लेकर आने वाले प्रत्येक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने उसका पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि गेट पास केवल निर्धारित समय—सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक—ही जारी किए जाएं और इसके अलावा किसी भी स्थिति में पास जारी न किए जाएं। गेट पास ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर दर्ज किसानों के सत्यापित रिकॉर्ड के आधार पर ही जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

डीसी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर और बिना किसी परेशानी के मिले। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह किसान हितैषी बनाएं। उन्होंने मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, छाया, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के जिला प्रबंधक विनय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 28 मार्च से सरसों की खरीद 6200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शुरू हो चुकी है, जबकि 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी पर प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शिकायत रजिस्टर स्थापित किया गया है, जहां प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, फर्रूखनगर के नायब तहसीलदार प्रतीक, जिला प्रबंधक विनय यादव, मार्केट कमेटी के चेयरमैन दौलतराम, सचिव विजय कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

,

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!