अन्नदाताओं को परेशान करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही भाजपा सरकार : राव नरेंद्र सिंह
किसानों को आर्थिक तबाही से बचाने के लिए जल्द मुआवजा जारी करे सरकार : राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़/भिवानी, 01 अप्रैल। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को भिवानी का दौरा कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने जहां शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की, वहीं पत्रकारों से बातचीत में किसानों और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
उन्होंने पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह और वरिष्ठ पत्रकार अशोक कौशिक के निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया तथा इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।
पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशाध्यक्ष ने कृषि व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अनाज मंडियों में खरीद प्रक्रिया को जटिल बनाकर सरकार किसानों को परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लागू की गई शर्तें किसानों की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि उन्हें परेशान करने की साजिश हैं।
हाल ही में हुई ओलावृष्टि का जिक्र करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इससे किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत विशेष गिरदावरी कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दे, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से बचाया जा सके।
महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता और छोटे कारोबारियों पर भारी बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 218 रुपये की बढ़ोतरी और पिछले तीन महीनों में 525 रुपये तक की वृद्धि जनता के साथ मजाक है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम लोगों की रसोई और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस ओर संवेदनहीन बनी हुई है।
अंत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की नीतियों से त्रस्त है और आने वाले समय में कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें अनिरुद्ध चौधरी, प्रदीप जोगी, देवराज मेहता, सत्यजीत पिलानिया, समीर खटीक, अमन तवर राघव, नरेश तंवर, शीला गोरा, कामरेड रवि खन्ना, बलबीर सरोहा, दिनेश शास्त्री, अजीत बामला, हरेंद्र जाखड़, कैप्टन रामहेर जागड़ा, विरेंद्र सिवाच, शिवकुमार धानक, सुमित बराड़, वेद पुजारी, सुरेंद्र परमार, प्रताप सरपंच, अरविंद ढिल्लू, अमित पंघाल, धीरज, डॉ. फूल सिंह धनाना, जयवीर गोयत, रणदीप हुड्डा, पुनीत नुनीवाल सहित अन्य शामिल रहे।








