फायरकर्मियों को सुरक्षा उपकरण नहीं, 8 अप्रैल से राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुरक्षा उपकरणों की कमी और मांगों की अनदेखी से फायरकर्मियों में आक्रोश, 8 अप्रैल से दो दिन की हड़ताल

गुरुग्राम, 31 मार्च (अशोक): आमजन की सुरक्षा में दिन-रात जुटे फायरकर्मियों को ही पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न कराए जाने पर कर्मचारियों में गहरा रोष है। नगरपालिका कर्मचारी संघ और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने इस मुद्दे को लेकर 8 अप्रैल से दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल करने का निर्णय लिया है।

फरवरी माह में फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित कालकाजी स्टील कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड में फरीदाबाद एनआईटी दमकल केंद्र के कर्मचारी भवीचंद शर्मा और रणवीर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस घटना के बाद भी सरकार द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने से कर्मचारियों में असंतोष और बढ़ गया है।

यूनियन नेताओं रामपाल शर्मा, जय प्रकाश, राजेंद्र सिंद और बसंत कुमार ने बताया कि सरकार शहीद दमकल कर्मचारियों की मांगों और यूनियन के मांगपत्र को लेकर गंभीर नहीं है। फायर महानिदेशक द्वारा लगातार वार्ता की तिथि टालना यह दर्शाता है कि सरकार समाधान निकालने के बजाय कर्मचारियों को हड़ताल के लिए मजबूर कर रही है।

जनसंपर्क अभियान के तहत राज्य कमेटी के पदाधिकारियों ने सेक्टर-29, उद्योग विहार, भीम नगर और मानेसर स्थित दमकल केंद्रों पर कर्मचारियों के साथ बैठक कर हड़ताल की तैयारियों की समीक्षा की। कर्मचारियों का कहना है कि अग्निकांड के बाद से उनके मन में भय का माहौल है, क्योंकि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

यूनियन ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान यदि किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न किया गया, तो इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में मृतक दमकल कर्मचारियों को शहीद का दर्जा, उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी शामिल है।

बैठक में साहुन खान, सुनील कुमार, सुधीर सिंह, राजेश कुमार, तेजपाल, कनपाल, पुष्पेंद्र, अनिल कुमार, रायसिंह, शमशेर, नवीन कुमार, जोगिंदर, जमालुद्दीन, संजीत, हरिओम, शेरसिंह, रणबीर, दीपक, सुनील राणा, देवेंद्र, कुलदीप और हरदीप सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!