“फसल खरीद पर ‘तुगलकी फरमान’, भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीति उजागर”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ओलावृष्टि से तबाह किसानों पर नई खरीद शर्तों का बोझ, MSP पर खरीद से बचने की साजिश: राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़, 31 मार्च 2026 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य में गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद प्रक्रिया को लेकर भाजपा की नायब सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की नई खरीद नीति को ‘तुगलकी फरमान’ करार देते हुए आरोप लगाया कि यह नियम किसानों को परेशान करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद से बचने की साजिश का हिस्सा हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि नई नियमावली के तहत किसानों को अपनी फसल खुद की ट्रैक्टर-ट्रॉली में ही मंडी लानी होगी, जिस पर रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य है। मंडी गेट पर ट्रॉली और नंबर की फोटो लेकर उसे ‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपलोड करना होगा, तभी गेट पास मिलेगा।

उन्होंने बताया कि फसल लाने का समय सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक सीमित कर दिया गया है, जबकि कंबाइन हार्वेस्टर से कटाई दिन-रात चलती है। ऐसे में रात के समय आने वाली फसल को मंडी के बाहर इंतजार करना पड़ेगा, जिससे खर्च बढ़ेगा और फसल खराब होने का खतरा रहेगा।

राव नरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि हर पंजीकृत किसान को मंडी में स्वयं उपस्थित होकर बायोमेट्रिक सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। वहीं, फसल उठान के लिए मार्केट कमेटी सचिव, खरीद एजेंसी अधिकारी और ट्रांसपोर्टर—तीनों के अलग-अलग हस्ताक्षर जरूरी कर दिए गए हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक जटिल हो गई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जिन किसानों के पास अपनी ट्रॉली नहीं है और वे किराए की ट्रॉली का उपयोग करते हैं, उनके लिए यह व्यवस्था कैसे लागू होगी, जबकि सरकार खुद ही कमर्शियल उपयोग की अनुमति नहीं देती।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार ने खरीद लक्ष्य को 80 लाख टन से घटाकर 72 लाख टन कर दिया है और स्टोरेज क्षमता भी सीमित रखी गई है, जिससे जानबूझकर खरीद कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इन नियमों के कारण मंडियों में लंबी कतारें लगेंगी, फसल की समय पर उठान नहीं होगी और किसानों को MSP पर अपनी उपज बेचने में भारी दिक्कतें आएंगी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद अब ‘चोर दरवाजे’ से MSP को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

साथ ही उन्होंने हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में देरी पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार राहत देने के बजाय खरीद प्रक्रिया को जटिल बनाकर किसानों की समस्याएं बढ़ा रही है।

राव नरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों और खेत मजदूरों के समर्थन में सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!