गुरुग्राम में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्ती, 64 सिलेंडर जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की कार्रवाई, अवैध सिलेंडर के साथ एक वाहन जब्त व एक आरोपी हिरासत में

गुरुग्राम, 31 मार्च। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने ग़ैरतपुर बास में छापेमारी कर घरेलू श्रेणी के 64 खाली गैस सिलेंडर कब्जे में लिए हैं। यह कार्रवाई अवैध भंडारण और व्यावसायिक उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) अशोक रावत ने बताया कि डीसी अजय कुमार के निर्देशानुसार जिले में एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस प्रकार के मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अशोक रावत ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस की उपलब्धता बनी रहे और किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की स्थिति न बनने पाए। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बादशाहपुर क्षेत्र के गांव ग़ैरतपुर बास में पहुंचकर
वाहन नंबर एचआर 55 एएम 6507 से इंडेन मार्का के 64 खाली सिलेंडर जब्त किए। इस संदर्भ में जब वाहन मालिक
ग़ैरतपुर बास निवासी हरिंद्र से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेते हुए सिलेंडर और वाहन को जब्त कर लिया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जारी है और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इस जांच अभियान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से एएफएसओ विजय कुमार, इंस्पेक्टर गजेंद्र और इंदर शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी रहेंगे, ताकि कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

डीएफएससी अशोक रावत ने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अवैध भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!