विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किया सम्मानित

चंडीगढ़, 30 मार्च – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मोहाली पंजाब में छठे दिशा इंडियन अवार्ड में अलग अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरुष एवं महिलाओं को सम्मानित किया।
दिशा वूमन वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह अवसर उन असंख्य संघर्षों, सपनों और संकल्पों का सम्मान करने का उत्सव है, जिन्होंने समाज को नई दिशा देने का काम किया है। दिशा इंडियन अवॉर्ड्स प्राइड ऑफ नेशन जैसा यह आयोजन उस भारत की तस्वीर प्रस्तुत करता है, जो नारी शक्ति के दम पर आगे बढ़ रहा है, जो समर्पण और सेवा के मूल्यों को अपना आधार बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिशा वुमन वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा इस छठे संस्करण का आयोजन अत्यंत सराहनीय है। यह संस्था केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक ऐसा आंदोलन जो पिछले 5 वर्षों से महिलाओं के साथ पुरुषों को भी सशक्त, आत्मनिर्भर बनाने और समाज में योगदान को पहचान दिलाने का निरतर प्रयास कर रहा है। हमें महिलाओं के लिए हर क्षेत्र में समान अवसर, सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने कहा कि इस मंच पर 26 ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने महिला उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। ये सभी समाज के वास्तविक हीरो हैं। जिन्होंने
बिना किसी अपेक्षा के केवल सेवा और समर्पण की भावना से काम किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज का भारत तेजी से बदल रहा है। यह नया भारत महिलाओं की शक्ति से संचालित है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत बनाने का जो लक्ष्य रखा है, वह आपके योगदान के बिना संभव नहीं है। क्योंकि, देश की आधी आबादी महिलाओं की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का विषय है। यह हम सबकी सांझी जिम्मेदारी है, जिसमें परिवार, समाज, सरकार और हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी बेटियों को बचपन से ही वह वातावरण मिले, जहां वे अपने सपनों को खुलकर जी सकें। उन्हें यह विश्वास दिलाना होगा कि वे किसी से कम नहीं हैं। जब एक बेटी शिक्षित होती है, तो वह केवल अपना ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य उज्जवल बनाती है। उन्होंने कार्यक्रम की आयोजिका श्रीमती हरदीप कौर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 11 वर्ष पहले पानीपत की ऐतिहासिक धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके बाद से पूरे देश में सकारात्मक बदलाव आया है। हरियाणा में लिंगानुपात वर्ष 2014 में 871 था, वह अब 923 हो गया है। हमें इस बात का भी गर्व है कि प्रधानमंत्री ने पानीपत की धरा से प्रधानमंत्री बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत हरियाणा की 9 हजार 656 बहन-बेटियां बीमा सखी बनकर अपना कैरियर आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के दुख-दर्द को समझा। उन्हें चूल्हे के धुएं से आजादी दिलाई और खुले में शौच जाने के अपमान से मुक्ति दी और तीन तलाक के दुःख से भी छुटकारा दिलाया। देश की सर्वाच्च संसद में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व का कानून बनाकर महिलाओं को देश चलाने में हक दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल वादों का खेल नहीं है। बल्कि, विश्वास और जवाबदेही का दर्पण होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2100 रुपये की राशि महिलाओं को दिए जा रहे हैं। अब तक 5 किस्तों में 835 करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। जिस प्रकार दिशा वुमन वेलफेयर ट्रस्ट महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित है। उसी तरह, हरियाणा सरकार ने भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट 2026-27 में वीटा बूथ आंबटन नीति में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की मार्केटिंग हेतु हर ब्लॉक में एक आधुनिक ग्राम हाट की स्थापना का प्रावधान भी किया है। इससे पहले 33 प्रतिशत राशन डिपो महिलाओं को दिए जा रहे हैं।
प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के नन्हें बच्चों की देखभाल के लिए विस्तृत क्रेच नीति लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इस समय प्रदेश में 845 क्रेच चल रहे हैं। इसके अलावा, 4 हजार प्ले-वे स्कूल खोले गये हैं।
इस बजट में औद्योगिक क्षेत्रों में भी 10 आधुनिक मातृ-शक्ति औद्योगिक क्रेच नेटवर्क शुरू करने का प्रावधान भी किया गया है। क्रैच कार्यकर्ता का मानदेय 3 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये मासिक किया है। यह देश में सबसे अधिक हैं।
वित्त वर्ष 2026-27 में 3 लाख और महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा। पहले किसी ने सोचा भी नहीं था कि घर-परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही महिलाएं ड्रोन भी उड़ाएंगी। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत 500 स्वयं सहायता समूह की 5 हजार महिलाओं को मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गत 28 फरवरी को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पूरे देश में किशोरियों को निःशुल्क एच.पी.वी. वैक्सीन लगाने का शुभारंभ किया। उसी दिन हरियाणा में भी इस अभियान की शुरुआत की गई। वित्त वर्ष 2026-27 में 3 लाख बेटियों को एच.पी.वी. वैक्सीन लगाई जाएगी। पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। जब बहन-बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त होंगी, तभी हमारा राष्ट्र सच्चे अर्थों में प्रगति करेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय, पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना , कंगारु ग्रुप ऑफ कंपनीज के फाउंडर रिछपाल सिंह, दिशा ट्रस्ट की चेयरपर्सन श्रीमती हरदीप कौर, चडदीकला टाइम टीवी के चेयरमैन सरदार जगजीत सिंह दर्दी सहित दिशा वुमन वेलफेयर ट्रस्ट की टीम मौजूद रही।







