गुरुग्राम में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू, पैनिक बाइंग ना करें उपभोक्ता : डीसी अजय कुमार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रोजाना 6 टीमें कर रहीं फील्ड निरीक्षण, जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक

गुरुग्राम, 30 मार्च। गुरुग्राम जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है तथा किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। डीसी अजय कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन तेल विपणन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बिना किसी बाधा के सुनिश्चित की जा सके। डीसी ने नागरिकों से अनावश्यक खरीदारी (पैनिक बाइंग) से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

डीसी ने बताया कि जिले में एचपीसीएल, इंडेन और भारत गैस की कुल 58 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जो उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति कर रही हैं। जिले में लगभग 10 लाख 27 हजार घरेलू उपभोक्ता हैं, जिनकी मांग के अनुसार गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डीसी कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

*रोजाना 6 टीमें कर रहीं फील्ड निरीक्षण, जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) डॉ. अशोक रावत ने बताया कि डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देशन में जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत रोजाना 6 टीमें फील्ड में उतरकर गैस एजेंसियों, गोदामों व संदिग्ध स्थानों पर निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को तुरंत पकड़ा जा सके।

उन्होंने बताया कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। वर्तमान में जिले की 58 गैस एजेंसियों के पास कुल 15,265 गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडारण मौजूद है, जिससे आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। विभाग द्वारा आपूर्ति और वितरण की स्थिति की दैनिक आधार पर निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की किल्लत उत्पन्न न हो।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें