रेवाड़ी में पेयजल संकट पर सरकार घिरी, वैश्विक हालात पर भी उठे सवाल: वेदप्रकाश विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेवाड़ी में जल संकट: भाजपा सरकार पर आरोप और वैश्विक आर्थिक संकट की चेतावनी

30 मार्च 2026 -चंडीगढ़/रेवाड़ी। स्वयंसेवी संस्था ‘ग्रामीण भारत’ के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जब बीते 11 वर्षों में रेवाड़ी शहर को पर्याप्त पेयजल तक उपलब्ध नहीं कराया जा सका, तो मौजूदा वैश्विक संकट के समय सरकार ऊर्जा और ईंधन जैसी आवश्यकताओं की आपूर्ति कैसे सुनिश्चित करेगी।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि रेवाड़ी में हर माह पानी की राशनिंग की जाती है और लोगों को गंदा तथा फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जल संरक्षण और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्थायी समाधान विकसित करने में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में जल स्रोतों के बावजूद भाजपा सरकार बीते एक दशक में पर्याप्त जल भंडारण टैंक तक नहीं बना पाई। ऐसे में सरकार और प्रशासन के दावों पर आमजन का विश्वास करना कठिन है। विद्रोही ने आरोप लगाया कि सरकार और उसके प्रतिनिधि केवल बड़े-बड़े दावे कर जनता को “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” दिखाने का काम कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

अहीरवाल क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति के लिए ठोस योजनाओं की बजाय केवल लीपापोती की जा रही है। प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय जवाबदेही से बच रहा है।

अंतरराष्ट्रीय हालात पर टिप्पणी करते हुए विद्रोही ने कहा कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान पर अमेरिका-इज़रायल के हमलों के बाद ऊर्जा और खाद्यान संकट गहराने की आशंका है। उन्होंने कहा कि आने वाले छह महीने आर्थिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन राज्य सरकार इस संभावित संकट से निपटने के लिए कोई ठोस योजना बनाने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है।

विद्रोही ने सरकार को सलाह दी कि वह बड़े-बड़े दावे करने के बजाय वास्तविक स्थिति को स्वीकार करे, आमजन को विश्वास में ले और ऊर्जा, खाद्यान व आर्थिक संकट से निपटने के लिए ठोस रणनीति तैयार करे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें