शनिवार को भी खुलेंगे डीएचबीवीएन के कैश काउंटर, 25 मार्च तक बिना सरचार्ज जमा करें बिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 24 मार्च 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने उपभोक्ताओं की सुविधा और राजस्व वसूली को मजबूत करने के उद्देश्य से अहम फैसला लिया है। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार निगम के सभी ऑपरेशन कार्यालयों के कैश काउंटर 28 मार्च (शनिवार) को भी खुले रहेंगे, ताकि उपभोक्ता आसानी से अपने बिजली बिल जमा कर सकें।

मुख्य अभियंता अतुल पसरीजा ने जानकारी दी कि निगम का पोर्टल (DHBVN.ORG.IN) तकनीकी रूप से अपडेट कर दिया गया है और ई-पेमेंट की सुविधा पहले की तरह सुचारू रूप से उपलब्ध है। जिन उपभोक्ताओं के बिल की अंतिम तिथि 24 मार्च थी, वे 25 मार्च तक बिना किसी सरचार्ज के भुगतान कर सकते हैं।

निगम ने उपमंडल स्तर पर भी अवकाश के दिन कैश काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सुविधा मिल सके। इसके साथ ही बकायादार उपभोक्ताओं से लंबित राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

निगम ने अधिकारियों से क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने और निर्धारित राजस्व लक्ष्य (आरआईबी) को समय पर प्राप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है।

उपभोक्ताओं से अपील
डीएचबीवीएन ने सभी घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने बिजली बिल का भुगतान अवश्य करें। समय पर बिल जमा करने से न केवल निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि निगम की सेवाएं भी अधिक सुदृढ़ होंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें