नखरोला में वर्ल्ड टीबी डे वीक के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

क्रिकेट मैच, रैली और स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

नि:शुल्क जांच व पोषण किट वितरण से मरीजों को मिला सहयोग

गुरुग्राम, 18 मार्च- वर्ल्ड टीबी डे वीक के अवसर पर जिला गुरुग्राम में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नखरोला स्टेडियम में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन गुरुग्राम डॉ. लोकवीर की अध्यक्षता में नेशनल टीबी एलिमिनेशन प्रोग्राम तथा जीएलआरए एनजीओ के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। इस मौके पर डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप, डिप्टी सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. योगेंद्र और डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. लोकवीर द्वारा दीप प्रज्वलित कर फ्रेंडली क्रिकेट मैच के शुभारंभ के साथ हुई।

इस मैच में नेशनल टीबी एलिमिनेशन प्रोग्राम स्टाफ और टीबी चैंपियंस ने भाग लिया, जिसमें नेशनल टीबी एलिमिनेशन प्रोग्राम टीम विजेता रही। इसके बाद गवर्नमेंट स्कूल नखरोला के विद्यार्थियों के साथ गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के नारे लगाते हुए लोगों को टीबी के लक्षणों और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान गांव में टीबी स्क्रीनिंग हेल्थ कैंप भी लगाया गया, जिसमें लोगों को मौके पर ही नि:शुल्क एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस सुविधा का लाभ 52 लोगों ने उठाया। साथ ही जीएलआरए संस्था द्वारा टीबी मरीजों को न्यूट्रिशन किट वितरित कर उनका सहयोग किया गया।

इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए टीबी विषय पर ड्रॉइंग और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि टीबी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, क्योंकि टीबी का इलाज संभव है और समय पर उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!