सीएम फ्लाइंग टीम, बिजली बोर्ड और निगम अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई से अवैध दोहन पर रोक
गुरुग्राम, 18 मार्च। नगर निगम क्षेत्र में अवैध जल दोहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को वार्ड संख्या-17 में सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान सीएम फ्लाइंग टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर क्षेत्र में संचालित अवैध बोरवेल पर कार्रवाई करते हुए दो बोरवेल को सील किया गया।
यह क्षेत्र ज़ोन-1 के अंतर्गत आता है, जहां कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार एवं वार्ड के एसडीओ वसीम अकरम के नेतृत्व में यह कार्रवाई अमल में लाई गई। अभियान के दौरान जूनियर इंजीनियर सचिन कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
संयुक्त टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
इस संयुक्त कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग टीम से एस.आई. नरेंद्र कुमार तथा बिजली बोर्ड की टीम ने भी सक्रिय सहयोग दिया। टीम के अचानक निरीक्षण से क्षेत्र में अवैध रूप से बोरवेल संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान दो स्थानों पर बिना अनुमति संचालित बोरवेल पाए गए, जिनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूजल के अवैध दोहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि भूजल संरक्षण को लेकर सरकार एवं प्रशासन गंभीर है। बिना अनुमति बोरवेल चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे जल स्तर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अवैध बोरवेल संचालित न करें। भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








