पंजाब में भाजपा को मौका देने की अपील पर कांग्रेस कार्यकर्ता का पलटवार—पहले हरियाणा की स्थिति देखें : सतवंती नेहरा

गुरुग्राम, 15 मार्च। कांग्रेस कार्यकर्ता सतवंती नेहरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब में दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार घोषणाओं और वादों की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
उन्होंने कहा कि 14 मार्च 2026 को पंजाब में आयोजित रैली में अमित शाह ने कहा कि यदि भाजपा को एक मौका दिया जाए तो दो साल के भीतर पंजाब को नशा, बेरोजगारी, कर्ज और भ्रष्टाचार से मुक्त कर दिया जाएगा। इस पर सवाल उठाते हुए सतवंती नेहरा ने कहा कि अमित शाह पहले यह बताएं कि पिछले लगभग 12 वर्षों से हरियाणा में किसकी सरकार है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की नीतियां इतनी प्रभावी हैं तो हरियाणा आज तक नशे, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से पूरी तरह मुक्त क्यों नहीं हो पाया। प्रदेश के युवा आज भी रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं और भर्ती परीक्षाओं पर बार-बार सवाल खड़े होते रहे हैं।
सतवंती नेहरा ने कहा कि यदि सरकार के दावे सही होते तो गांव और शहरों में नशे की शिकायतें क्यों सुनाई देतीं, अपराध और भ्रष्टाचार की खबरें रोज क्यों सामने आतीं और युवाओं के भविष्य को लेकर इतनी अनिश्चितता क्यों बनी रहती।
उन्होंने कहा कि सरकारें दावे तो बहुत करती हैं, लेकिन जनता की अदालत में फैसला घोषणाओं से नहीं बल्कि जमीनी सच्चाई से होता है। आज प्रदेश की जनता सरकार से सीधा सवाल पूछ रही है कि युवाओं को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार कब मिलेगा, भ्रष्टाचार पर पूरी तरह लगाम कब लगेगी और नशे से युवाओं को वास्तविक मुक्ति कब मिलेगी।
सतवंती नेहरा ने कहा कि सत्ता का मतलब केवल घोषणाएं करना नहीं बल्कि परिणाम देना होता है। जब तक युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था, रोजगार के अवसर और नशामुक्त समाज नहीं मिलेगा, तब तक ऐसे सवाल उठते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि दूसरों को सलाह देने से पहले भाजपा नेतृत्व को उन राज्यों की स्थिति पर भी नजर डालनी चाहिए जहां उनकी अपनी सरकारें लंबे समय से सत्ता में हैं।









