सेक्टर-4 कम्युनिटी सेंटर में केसरी क्लब का सांस्कृतिक कार्यक्रम, अप्रैल वार्षिकोत्सव की तैयारियों का ऐलान

गुरुग्राम, 15 मार्च। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम की ओर से सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर में शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान व फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने की, जबकि मंच संचालन डीएन कवातरा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधान धर्मसागर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की शान होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज आगे बढ़ता है, इसलिए युवा पीढ़ी को अपने बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने अपनी कविताएं ‘वरिष्ठ बनने के लिए बहुत जीना पड़ता है’ और ‘मां धरती की चुनर धाना, मां ही सुख की छईयां रे’ सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सदस्यों ने गीत, भजन और शायरी की प्रस्तुतियों से माहौल को भावपूर्ण बना दिया। मास्टर धर्मप्रकाश ने ‘मुरली बजाके मोहना क्यों कर लिया किनारा’, वीणा श्रीवास्तव ने ‘सुख के सब साथी दुख में न कोए’, चंदर कुमार चौधरी ने ‘मेरी नैया अब तो है तेरे हवाले’ और ‘श्रीराम जपो प्यारे’, हनुमान शर्मा ने ‘वीर हनुमाना अति बलवाना’ तथा सीके अरोड़ा ने ‘सांवरे को दिल में बसाकर तो देखो’ प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

ढोलक वादक महेश चंद ने ‘कोठे ते आ माहिया मिलणा ता मिल आके’, पूनम ने ‘तेरी यादों के सिवा रखा क्या है’ और ‘क्या करूं सजन’, एमआर कुमार ने ‘क्योंकि मैं वक्त हूं…’, मदन डूडेजा ने ‘रचा है सृष्टि को जिस प्रभू ने’, मिथलेश ने ‘कहीं राम लिख दिया, कहीं श्याम लिख दिया’ तथा अंजला वधवा ने भजनों की प्रस्तुति दी।
मंच संचालक डीएन कवातरा ने शायरी सुनाकर कार्यक्रम में रंग भर दिए। उन्होंने बताया कि क्लब की अगली सांस्कृतिक बैठक 21 मार्च को न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन परिसर में आयोजित की जाएगी। साथ ही अप्रैल माह में होने वाले वार्षिकोत्सव की तैयारियों के लिए 6 अप्रैल से सेक्टर-4 कम्युनिटी सेंटर में रिहर्सल वरिष्ठ सलाहकार पूनम भटनागर के नेतृत्व में शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान समय पर पहुंचने वाले सदस्यों में से ड्रा के माध्यम से एमपी दुबे और अनुपम बहल को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर रमेश वशिष्ठ, केसी वर्मा, देवेंद्र, कमलेश, ओमप्रकाश, उषा रानी, चंद्रशेखर आहूजा, सुनील अग्रवाल, मनोज गुप्ता, लालचंद, गुलाब सिंह, जेके अरोड़ा, आरके सिंघल, विनोद बजाज, ओपी यादव, सुरेश अनेजा, प्रेम चावला, किरण, चंद्रकांता, हेमा देवी, संतोष, सुभाष, पुष्पलता, एसके खेड़ा, श्याम सुंदर और विमला मनचंदा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।








