एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के राज्य सचिव राजेंद्र सिंह का आरोप—आपूर्ति बाधित होने से आम जनता परेशान, छोटे व्यापारियों की आजीविका पर भी संकट

गुरुग्राम, 14 मार्च। सरकार और प्रशासन द्वारा रसोई गैस तथा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। गुरुग्राम सहित हरियाणा के कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के कारण आम उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र सिंह ने जारी बयान में कहा कि आज शहर हो या गांव, लगभग हर परिवार रसोई गैस पर निर्भर है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से सिलेंडरों की आपूर्ति में लगातार आ रही बाधाओं के कारण आम लोगों की रसोई पर सीधा संकट खड़ा हो गया है। कई उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे परिवारों के सामने रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी का असर छोटे व्यापारियों और मेहनतकश तबकों पर और भी अधिक पड़ रहा है। होटल, ढाबे, रेहड़ी-खोमचे संचालक और छोटे फास्ट-फूड विक्रेता, जो गैस सिलेंडर के सहारे विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, उनकी आजीविका संकट में पड़ गई है। यहां तक कि शादी-विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में भी गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉमरेड राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मौजूदा संकट के दौरान प्रभावशाली और रसूखदार लोग किसी न किसी तरीके से सिलेंडर हासिल कर लेते हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने या कई-कई दिनों तक इंतजार करने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस स्थिति ने आम जनता में गहरी नाराजगी और चिंता पैदा कर दी है।
एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि रसोई गैस और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित की जाए। साथ ही संकट की आड़ में हो रही कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। पार्टी ने प्रशासन से यह भी मांग की कि वह जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे और आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता के हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।









