भव्यता और दिव्यता का अद्भुत संगम, एकता के संदेश से गुंजायमान हुआ वातावरण

गुरुग्राम। पंजाबी बिरादरी महासंगठन के सौजन्य से 28 फरवरी 2026, शनिवार को सेक्टर-7 स्थित जीएवी इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में आयोजित विशाल हिन्दू सम्मेलन में जनसमूह का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री प्रदीप कौशिक (चेयरमैन) की टीम का सराहनीय सहयोग रहा।
सम्मेलन में आशीर्वचन देने के लिए हरि मंदिर आश्रम पटौदी के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज पधारे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि हिन्दू एकता से ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने सामाजिक समरसता को भारत की सनातन पहचान बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश देती है। उनके शब्दों ने उपस्थित जनसमूह में सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय चेतना का संचार किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाबी बिरादरी महासंगठन के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध उद्योगपति श्री बोधराज सीकरी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सम्मेलनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण संभव है। उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां देश की सामाजिक एकता को कमजोर करने का प्रयास करती हैं, जिनका उत्तर हमें एकता, संयम और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से देना होगा। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए आर्थिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।
विशिष्ट वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सद्भावना संयोजक (गुरुग्राम विभाग) डॉ. अशोक दिवाकर ने ‘संघ यात्रा’ और ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने संघ की शताब्दी यात्रा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यबोध जैसे विषयों पर प्रेरक संदेश दिया।
महानगर संघ चालक श्री जगदीश जी के मार्गदर्शन ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाया। सफल एवं सशक्त मंच संचालन श्री राम लाल ग्रोवर ने किया। श्री गजेंद्र गोसांई द्वारा श्री हनुमान चालीसा पाठ तथा भजन मंडली के भजन-कीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की सफलता में ओम स्वीट्स के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश कथुरिया का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। भाजपा की प्रदेश सचिव श्रीमती गार्गी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। निगम पार्षद श्री विजय परमार, केंद्रीय श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान श्री सुरेंद्र खुल्लर, डॉ. परमेश्वर अरोड़ा, रमेश कामरा, श्रीमती रचना बजाज, किशोरी लाल डुडेजा, युधिष्ठिर अलमादी, अनिल कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्मेलन में लगभग 500 स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों की उपस्थिति रही। सम्मेलन उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
यह हिन्दू महा सम्मेलन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र प्रथम की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।









