गुरुग्राम में ‘प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा’ का गठन, पवन कुमार बंसल मुख्य संरक्षक और ओपी वशिष्ठ अध्यक्ष नियुक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पत्रकारों के वेलफेयर, एजुकेशन और प्रोटेक्शन पर रहेगा विशेष फोकस

गुरुग्राम। हरियाणा में पत्रकारों के वेलफेयर, एजुकेशन और प्रोटेक्शन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुग्राम में ‘प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा’ का गठन किया गया। शनिवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार बंसल ने की, जिसमें एक दर्जन से अधिक पत्रकारों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से क्लब के गठन का निर्णय लिया गया।

बैठक में पवन कुमार बंसल को क्लब का मुख्य संरक्षक (चीफ पैट्रन) मनोनीत किया गया। वहीं ओपी वशिष्ठ को अध्यक्ष, विजेंद्र कुमार को महासचिव, प्रियंका मेहता दुबे को उपप्रधान तथा जोगेंद्र कथूरिया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवमनोनीत पदाधिकारियों को उपस्थित पत्रकारों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्य संरक्षक पवन कुमार बंसल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य पत्रकारों के कल्याण, प्रशिक्षण और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ आज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में पत्रकारों का संगठित होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर बल देते हुए कहा कि कई बार अनजाने में हुई त्रुटियों के कारण पत्रकारों को निशाना बनाया जाता है, इसलिए आचार संहिता और पेशेवर सिद्धांतों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई बार दुर्घटनाओं या आकस्मिक परिस्थितियों में पत्रकारों के परिवारों को समय पर आर्थिक अथवा चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल पाती। ऐसे में राज्य सरकार को पत्रकारों के लिए विशेष राहत कोष स्थापित करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद पत्रकारों और उनके आश्रितों को तत्काल सहायता मिल सके।

क्लब के अध्यक्ष ओपी वशिष्ठ ने जानकारी दी कि जल्द ही क्लब का प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेगा। उन्होंने पत्रकारों के लिए कैशलैस मेडिकल बीमा योजना लागू करने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पत्रकार स्वाभिमानी होते हैं और सहायता मांगने से हिचकते हैं, इसलिए सरकार को स्वतः पहल करते हुए ठोस पत्रकार कल्याण योजनाएं लागू करनी चाहिए।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अनेक पत्रकार बिना नियमित मेहनताने के दायित्व निभा रहे हैं, जिनके लिए संरचनात्मक सहायता और संस्थागत सुरक्षा आवश्यक है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र कंवारी, सत सिंह, सुरेंद्र भारद्वाज, दीपेंद्र देशवाल, धर्मबीर शर्मा, प्रियंका दुबे मेहता, जोगेंद्र कथूरिया, विक्रम कुमार बनेटा, विजेंद्र कुमार, पवन शर्मा, अमित रुखाया सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!