एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनजागरूकता और सख्त अनुपालन से सड़क दुर्घटनाएं होंगी न्यूनतम : एडीसी

ड्रिंक एंड ड्राइव के 167 मामलों में लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत सघन जांच, 52 बसों का चालान

ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 233 चालान कर 1.40 करोड़ से अधिक जुर्माना

गुरुग्राम, 26 फरवरी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा यातायात व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा से हुई। संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट का अवलोकन कर एडीसी ने प्रगति की स्थिति पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

एडीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने से जिले में सड़क दुर्घटनाओं को अत्यंत न्यूनतम स्तर तक लाया जा सकता है। इस उद्देश्य की प्राप्ति हेतु सभी अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर सतत जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके।

ड्रिंक एंड ड्राइव के 167 मामलों में लाइसेंस 3 माह के लिए निलंबित

बैठक में जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण के सचिव परमजीत चहल ने बताया कि जिला में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 167 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस आगामी तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं। इनमें से 148 लाइसेंस बादशाहपुर क्षेत्र में तथा 19 लाइसेंस सोहना क्षेत्र में सस्पेंड किए गए। एडीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता ना किया जाए और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रखें।

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत सघन जांच, 52 बसों का चालान

सचिव ने बताया कि सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत आरटीए विभाग द्वारा चलाए गए सघन जांच अभियान में 450 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 52 बसों के चालान किए गए। एडीसी सोनू भट्ट ने खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए और कहा कि आरटीए विभाग प्रत्येक माह की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि स्कूल ट्रांसपोर्ट से संबंधित समस्त स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन हर-समय पर पोर्टल के माध्यम से कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 233 चालान कर 1.40 करोड़ से अधिक जुर्माना

सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत आरटीए विभाग ने फरवरी माह में विशेष अभियान चलाकर 233 ओवरलोड वाहनों के चालान किए। इन मामलों में कुल 1 करोड़ 40 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एडीसी ने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखें।

बैठक में जीएमडीए के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि जेल रोड पर पैदल यात्री क्रॉसिंग, सड़क लेन मार्किंग तथा बोलार्ड लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त सेक्टर 4, 7 और 9 चौक पर एचएसवीपी, डीटीपी (ई) एवं जीएमडीए की ओर से संयुक्त विजिट की गई थी। संबंधित स्थल पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और 20 मार्च तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्ण कर ली जाएगी। वहीं एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि पंचगांव चौक पर हाई मास्ट लाइट स्थापित करने का कार्य भी पूरा हो चुका है।

बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, एमवीओ हरेंद्र वीर, शिक्षा विभाग से एईओ जगदीश एहलावत, पंचायत विभाग से एलए राजपाल मोर, सहित एनएचएआई, नगर निगम गुरुग्राम एवं मानेसर, पीडब्ल्यूडी, जीएमडीए सहित राहगीरी फाउंडेशन तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!