कर्मचारियों का लघु सचिवालय तक मार्च, मुख्य सचिव के नाम सौंपा मांग पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर गुरुग्राम में “राष्ट्रीय मांग दिवस” मनाया, पुरानी पेंशन बहाली व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत कई मांगें उठीं

गुरुग्राम, 26 फरवरी 2026 – सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के कर्मचारी कमला नेहरू पार्क, गुरुग्राम में एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में पैदल मार्च निकाला। कर्मचारियों ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार, चंडीगढ़ के नाम मांग पत्र सौंपा।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने “राष्ट्रीय मांग दिवस” मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान बसंत कुमार ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव सुशील शर्मा ने किया।

कमला नेहरू पार्क से शुरू हुआ पैदल मार्च लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा, जहां कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ये हैं प्रमुख मांगें

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना, पुरानी पेंशन स्कीम (OPS) को बहाल करना, चार श्रम संहिताओं को निरस्त करना, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, बिजली बिल 2025 और स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेना तथा रोड सेफ्टी बिल को निरस्त करना शामिल है।

इसके अलावा, कर्मचारियों ने जनसंख्या के अनुपात में सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों को स्थायी भर्तियों के माध्यम से भरने की भी मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि वे इन मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं और सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

इन नेताओं ने किया संबोधन

कार्यक्रम में संघ से जुड़ी विभिन्न विभागीय यूनियनों के कर्मचारी नेताओं ने संबोधित करते हुए आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया। इनमें महेश कुमार, धर्मेंद्र, कंवर लाल यादव, अमरजीत जाखड़, जोगिंदर करोंथा, धर्मेंद्र यादव, जयसिंह पूनिया, सुरेश नोहरा, ओमवीर शर्मा, उषा सरोहा, भूपेंद्र, पवन गोयल, सीमा देवी, अनीता देवी, रीना देवी, दया चंद, तेजपाल, कैलाश, कुलदीप, अशोक कुमार, संजीत, दया गुर्जर, योगपाल, अमित कुमार, पिंकी देवी तथा मानेसर इकाई के प्रधान प्रताप सहित अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!