विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के मुआवजे, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर सरकार की नीतियां रखीं

चंडीगढ़, 26 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान किसानों के मुआवजे, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर प्रभावित किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा सीधे उनके खातों में पहुंचाने का काम किया है और राज्य सरकार भी उसी तर्ज पर कार्य कर रही है।
किसानों को मिला साढ़े 6 करोड़ का मुआवजा
प्रश्नकाल के दौरान विधायक बलराम दांगी के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि महम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में किसानों को लगभग साढ़े 6 करोड़ रुपये मुआवजा वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पटवारियों की जिम्मेदारी तय की है। यदि किसी किसान की फसल खराब होती है तो उसकी शत-प्रतिशत सूचना लिखित में सरकार को देना अनिवार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में पटवारी चौपाल पर बैठकर सीमित नाम दर्ज करते थे और अनेक किसान मुआवजे से वंचित रह जाते थे। अब पटवारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की गई है और लापरवाही पर कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी किसान तक मुआवजा नहीं पहुंचा है तो उसे भी शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार, 10 जिला अस्पताल अपग्रेड
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला स्तर के अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है। अब तक 10 जिला अस्पतालों को अपग्रेड कर जनता को समर्पित किया जा चुका है, जबकि अन्य अस्पतालों में भी कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि इन अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, आधुनिक लैब और प्राइवेट वार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर चिंता, जनजागरण का आह्वान
विधानसभा में मुख्यमंत्री ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे आमजन को प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक करें, क्योंकि इसके दुष्प्रभावों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है और सभी को मिलकर इस अभियान को सफल बनाना चाहिए।







