म्हारी सड़क पोर्टल की शिकायतों पर निगम सख्त, 10 दिन का गड्ढा-मुक्त अभियान होगा शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने इंजीनियरों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

गुरुग्राम, 18 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने बुधवार को म्हारी सड़क पोर्टल पर प्राप्त सड़कों से संबंधित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समाधान प्राथमिकता, तत्परता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। बैठक में चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित कार्यकारी अभियंता व सहायक अभियंता उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा पोर्टल पर दर्ज शिकायतें प्रशासन की जवाबदेही का महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी निपटारा अनिवार्य है।

सीएचएस पोर्टल की शिकायतों के समाधान पर भी जोर

बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त ने कहा कि केवल म्हारी सड़क पोर्टल ही नहीं, बल्कि सीएचएस पोर्टल पर सड़कों से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनका भी त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने इंजीनियरों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें शीघ्र निपटाया जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़कों को गड्ढा-मुक्त बनाने के लिए 10 दिन का विशेष अभियान

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर की सड़कों को गड्ढा-मुक्त बनाने के लिए 10 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नगर निगम के अधीन आने वाली सभी सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता से भरा जाएगा। अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा में सुधार लाने और आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रथम चरण में 5000 गड्ढे भरने का लक्ष्य

अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में कम से कम 5000 गड्ढों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन जुटाने और कार्य को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि मरम्मत लंबे समय तक टिकाऊ रहे और नागरिकों को बार-बार समस्या का सामना न करना पड़े।

नागरिकों से सहयोग की अपील

निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें सड़कों पर गड्ढों या अन्य समस्याओं की जानकारी हो तो वे संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम गुरुग्राम का यह कदम शहर में बेहतर सड़क व्यवस्था, सुरक्षित यातायात और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें