
जिंदा समाधियों पर सिद्ध होते मनोरथ, देश-विदेश से पहुंच रहे भक्त
खन्ना पायल, 13 फरवरी (प्रमोद कौशिक): डेरा समाधा घुड़ानी कलां में शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 8 से 14 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन हो रहा है, जबकि 15 फरवरी से श्री रामचरितमानस पाठ प्रारंभ होगा। 16 फरवरी को प्रतिवर्ष की भांति विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
डेरा की महंत स्वामी विद्यागिरि जी महाराज के सानिध्य में जनकल्याण की भावना से यहां धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहते हैं। पूरे क्षेत्र के लोग तन, मन और धन से सेवा में जुड़े हुए हैं, वहीं देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक स्थल पर पहुंचकर सेवा और दर्शन का लाभ उठा रहे हैं।
करीब 500 वर्ष पुरानी इस सिद्ध गद्दी पर स्थित जीवित समाधियों की श्रद्धाभाव से सेवा की जाती है, जहां सभी बिरादरी और धर्म के लोग एक साथ आकर आस्था प्रकट करते हैं। श्रद्धालु अपने मनोरथ पूर्ण होने की कामना लेकर यहां पहुंचते हैं और मनोकामना पूरी होने पर चूरमा, कंबल, चिमटा और खड़ाऊ अर्पित करते हैं।
सांझी आस्था के प्रतीक इस डेरे में अटूट लंगर की व्यवस्था रहती है। मान्यता है कि यहां आने वाले भक्तों की इच्छाएं पूर्ण होती हैं, जिसके चलते क्षेत्रभर में डेरे के चमत्कार गौरव के साथ सुनाए जाते हैं। शिवरात्रि महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में परिवार सहित पहुंचकर लोग धार्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।








