
गुरुग्राम, 10 फरवरी। सेक्टर-86 स्थित माइक्रोटेक ग्रीनबर्ग के बैंक्वेट हॉल में शनिवार शाम एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी ओजपूर्ण और संवेदनशील रचनाओं से समां बांध दिया।
दिल्ली से पधारे पी.के. आज़ाद, विनय विनम्र, कल्पना शुक्ल और दास आरोही, भिवानी से आए विकास यशकीर्ति तथा गुरुग्राम की मोनिका शर्मा ने काव्यपाठ कर श्रोताओं को रस-विभोर कर दिया। दास आरोही और विनय विनम्र ने अपने वीर रस से वातावरण में ऊर्जा भर दी, वहीं अन्य कवियों ने श्रृंगार, वात्सल्य और करुण रस की प्रस्तुतियों से श्रोताओं की आंखें नम कर दीं। कार्यक्रम के अंत तक दर्शक भावमग्न होकर कविताओं का आनंद लेते रहे।
कवि सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए त्याग, सेवा और समर्पण की प्रेरक गाथा सुनाई, जिससे उपस्थित जनसमूह विशेष रूप से प्रभावित हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अशोक बत्रा और श्रीमती संतोष बत्रा ने किया। आयोजन सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्य सतीश मित्तल और डॉ. अशोक बत्रा के नेतृत्व में कई कला-प्रेमी वरिष्ठ साथियों के सहयोग से संपन्न हुआ।







