जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता कर 17 परिवादों की करेंगे सुनवाई
दृष्टिहीन क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में करेंगे शिरकत, इंडसइंड बैंक नागेश ट्रॉफी के 8वें संस्करण का होगा शुभारंभ
38वें राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं का सम्मान, सीएम कप-2025 का करेंगे शुभारंभ
खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, डीसी अजय कुमार भी रहे मौजूद
गुरुग्राम, 08 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 09 फरवरी को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम के दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए 17 परिवादों की सुनवाई करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में आयोजित दो प्रमुख कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे, जिनमें राष्ट्रीय पुरुष दृष्टिहीन क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में शिरकत तथा 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं के सम्मान के साथ सीएम कप-2025 का शुभारंभ शामिल है।
कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार, तथा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला भी उपस्थित रहे।
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में करेंगे जनसमस्याओं की सुनवाई
मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक से करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष सुनवाई के लिए कुल 17 परिवाद प्रस्तुत किए जाएंगे। संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा परिवादों पर विभागीय फीडबैक लेकर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
दृष्टिहीन क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में करेंगे शिरकत, इंडसइंड बैंक नागेश ट्रॉफी के 8वें संस्करण का होगा शुभारंभ
इसके उपरांत मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम, गुरुग्राम में समर्थम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड एवं क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया द्वारा आयोजित इंडसइंड बैंक नागेश ट्रॉफी (8वां संस्करण) राष्ट्रीय पुरुष दृष्टिहीन क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह आयोजन समावेशी खेलों को बढ़ावा देने और दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
38वें राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं का सम्मान, सीएम कप-2025 का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री इसके उपरांत ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम के एथलेटिक ग्राउंड में आयोजित समारोह में भाग लेंगे। खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 9 फरवरी को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा सीएम कप-2025 का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। सम्मान समारोह में राष्ट्रीय खेलों के 48 स्वर्ण, 47 रजत एवं 58 कांस्य पदक विजेताओं सहित खेलों में भाग लेने वाले कुल 689 खिलाड़ी एवं कोच सम्मानित किए जाएंगे। इस अवसर पर भारतीय हॉकी में उत्कृष्ट योगदान के लिए हाल ही में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी सविता पूनिया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।







