दिशा-निर्देश बोर्डों पर भाजपा का कब्जा, राहगीर हो रहे परेशान: मुकेश डागर (कोच)

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण से राजस्व को नुकसान, एक सप्ताह में कार्रवाई न हुई तो कांग्रेस करेगी आंदोलन

गुरुग्राम, 8 फरवरी 2026। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश डागर (कोच) ने आरोप लगाया है कि शहर में दिशा-निर्देश देने वाले सरकारी बोर्डों पर भाजपा नेताओं ने अपने बधाई और प्रचार संबंधी बोर्ड लगाकर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि इससे राहगीरों को सही रास्ता नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण उनका समय और पेट्रोल दोनों बर्बाद हो रहे हैं, साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

मुकेश डागर ने कहा कि “ट्रिपल इंजन की सरकार” नागरिकों के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में विफल साबित हो रही है। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत प्रशासन नहीं जुटा पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि संविधान और नियमों के अनुसार दिशा-निर्देश बोर्डों पर अतिक्रमण अपराध की श्रेणी में आता है, फिर भी नगर निगम आयुक्त और स्थानीय प्रशासन इस मुद्दे पर न तो संज्ञान ले रहे हैं और न ही कोई कार्रवाई कर रहे हैं।

डागर ने इसे गुरुग्राम के नागरिकों के साथ “सरासर धोखा” बताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि चाहे विधायक हों, पार्षद हों या सांसद—किसी को भी सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर दिशा-निर्देश बोर्डों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी और स्वयं ऐसे बोर्ड हटाने का काम करेगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता के टैक्स से बने सरकारी बोर्डों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें