पवन कुमार बंसल बोले—अब नेता प्रतिपक्ष की प्रभावी भूमिका निभाकर भूपेंद्र हुड्डा दें जवाब, HPSC मुद्दे पर सरकार को घेरने का सही समय

गुरुग्राम। वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार बंसल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा आयोजित लंच में शामिल होना राज्य की राजनीति में एक सकारात्मक और सद्भावनापूर्ण संकेत है। यह लंच हरियाणा से सांसद दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित किया गया था, जिसने पार्टी के भीतर एकजुटता और सक्रियता का संदेश दिया है।
बंसल के अनुसार अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जिम्मेदारी है कि वे इस सद्भावना को एक प्रभावी नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाकर सार्थक बनाएं। सैंतीस विधायकों और पाँच सांसदों के साथ कांग्रेस के पास पर्याप्त राजनीतिक ताकत है, जिससे वह सैनी सरकार को जनहित के मुद्दों पर कठघरे में खड़ा कर सकती है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) इस समय संदेह के घेरे में है और इसे लेकर सरकार से जवाब मांगने की चाबी भूपेंद्र हुड्डा के हाथ में है। बंसल ने याद दिलाया कि मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य सतर्कता ब्यूरो ने HPSC के एक उप सचिव को उसके कार्यालय से भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। उस दौरान एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था, जिसमें कथित तौर पर सरकार के करीबी दो लोगों के बीच चयन प्रक्रिया को लेकर बातचीत दर्ज थी।
बंसल ने सवाल उठाया कि उस मोबाइल और बातचीत से जुड़े मामले को आगे क्यों नहीं बढ़ाया गया और इसे दबाने के पीछे क्या कारण रहे। उनका मानना है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी उस बातचीत को सुना है और अब सही समय है कि वे उस चैट की रिकॉर्डिंग हरियाणा पुलिस को सौंपते हुए मामले को दोबारा खोलने तथा निष्पक्ष जांच की मांग करें। ऐसा होने पर कई बड़े और प्रभावशाली नाम सामने आ सकते हैं।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हरियाणा में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा निकाली जा रही पदयात्रा में शामिल होना चाहिए। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा और प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश जाएगा।







