धाकड़ गीत की धुन पर ‘बिजली’ का कैटवॉक, पशुधन प्रदर्शनी में पशुओं के नृत्य ने मोहा मन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बकरियों, ऊंटों और घोड़ी के शानदार प्रदर्शन की केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने की सराहना

कुरुक्षेत्र, 7 फरवरी (संजीव कुमारी)। कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला क्षेत्र में आयोजित 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का दूसरा दिन पशुओं के अनोखे नृत्य और आकर्षक कैटवॉक के नाम रहा। लोकप्रिय गीत ‘धाकड़ है धाकड़’ की धुन पर मारवाड़ी नस्ल की घोड़ी ‘बिजली’ ने रैम्प पर ऐसा जलवा बिखेरा कि दर्शक तालियां बजाने को मजबूर हो गए।

मेले में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के रैम्प को देखने के लिए हजारों पशुपालक और दर्शक पहुंचे। मुख्य मंच पर केंद्रीय पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर तथा महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुर्रा नस्ल के भैंसे ‘योद्धा केसरी’ के आकर्षक प्रदर्शन से हुई, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसके बाद ‘गजराज’ और ‘बाहुबली’ नामक ऊंटों ने संगीत की ताल पर नृत्य कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

तालियों की गूंज के बीच जब घोड़ी ‘बिजली’ ने रैम्प पर कदम रखा तो माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। प्रशिक्षित घोड़ी ने गीत की धुन पर नृत्य कर हर किसी को प्रभावित किया। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी अपनी सीट से खड़े होकर तालियां बजाते नजर आए और पशुपालकों द्वारा दिए गए प्रशिक्षण की खुलकर प्रशंसा की।

घोड़ी के बाद ‘सपना’, ‘राजबाला’ और ‘कैटरीना’ नाम की बकरियों ने भी रैम्प पर नृत्य कर दर्शकों के दिल जीत लिए। उनके प्रदर्शन ने प्रदर्शनी में चार चांद लगा दिए और पशुपालकों पर एक अनूठी छाप छोड़ी।

महेंद्रगढ़ से आए पशुपालक सोमवीर ‘बिजली’ के साथ इन बकरियों तथा ‘गजराज’ और ‘बाहुबली’ ऊंट सहित कई पशु लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि करीब चार वर्ष की मारवाड़ी नस्ल की घोड़ी ‘बिजली’ को लगभग 20 दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और यह उनके लिए बेहद बेशकीमती है।

महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी के रैम्प पर हरियाणा के चुनिंदा उच्च नस्ल के पशुओं को कैटवॉक का अवसर दिया जाता है। ये पशु अत्यंत मूल्यवान होते हैं और पशुपालकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम मेले के सबसे महत्वपूर्ण आकर्षणों में से एक है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!