नाबार्ड की राज्य ऋण संगोष्ठी में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदान किया ई-केसीसी उत्कृष्टता पुरस्कार
गुरुग्राम, 07 फरवरी। हरियाणा ग्रामीण बैंक को डिजिटल किसान क्रेडिट कार्ड (ई-केसीसी) ऋण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ई-केसीसी उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार नाबार्ड द्वारा आयोजित राज्य ऋण संगोष्ठी के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने प्रदान किया। बैंक की ओर से महाप्रबंधक एम. के. झा ने यह सम्मान ग्रहण किया।
यह उपलब्धि ग्रामीण विकास, कृषक कल्याण, वित्तीय समावेशन तथा डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में हरियाणा ग्रामीण बैंक की सशक्त प्रतिबद्धता और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाती है। बैंक ने डिजिटल केसीसी ऋण के सफल क्रियान्वयन के माध्यम से किसानों को त्वरित, पारदर्शी और सुगम ऋण सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने के साथ किसानों की आर्थिक जरूरतों को भी समय पर पूरा किया जा सका है।
बैंक की इस उपलब्धि को ग्रामीण वित्तीय सेवाओं के विस्तार और डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







