खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हरियाणा की बेटी का परचम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आइस स्केटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर चमकी गौरी राय, मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिला आशीर्वाद

गुरुग्राम | 01 फरवरी 2026 – ईश्वर की कृपा, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अथक परिश्रम के बल पर छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स की आइस स्केटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर गौरी राय ने हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल गौरी की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गौरी राय से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आइस स्केटिंग जैसे अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तकनीकी खेल में स्वर्ण पदक जीतना गौरी राय के कठोर परिश्रम, अनुशासन, संतुलन और आत्मविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने गौरी को हरियाणा स्टेट आइस स्केटिंग चैंपियनशिप, राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप तथा वर्ष 2030 ओलंपिक खेलों की तैयारी में निरंतर जुटे रहने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री मुकेश कुमार वशिष्ट ने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, आधुनिक प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। गौरी राय जैसी खिलाड़ी हरियाणा की समृद्ध खेल संस्कृति की सशक्त पहचान हैं।

इस अवसर पर श्री प्रबोध राय एवं श्रीमती रश्मि चौकसे राय, ॐ टीम तथा परिवारजनों की ओर से माननीय मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

गौरी राय की इस सफलता में मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, गुरुग्राम की प्रधानाचार्या संगीता कपूर, विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। वहीं, कोच मनोज कुमार का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने नर्सरी कक्षा से ही गौरी को प्रशिक्षण प्रदान किया।

इसके अतिरिक्त अमिताभ शर्मा (प्रेसिडेंट), जे.एस. साहनी (जनरल सेक्रेटरी), डॉ. रोहित कुमार, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया, बी.एस. लोहान (प्रेसिडेंट), दीपक कोहार (जनरल सेक्रेटरी), सोनू शेरावत, ममता सिंह, सभी खिलाड़ी, अभिभावक तथा आइस स्केटिंग एसोसिएशन हरियाणा का पूर्ण सहयोग एवं सम्मान प्राप्त हुआ।

ॐ टीम ने संकल्प व्यक्त किया कि वह स्वस्थ जीवन, खेल, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अनुशासन एवं सेवा-भावना के साथ निरंतर अग्रसर रहकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें