नए जिले हांसी में मनोहर लाल खट्टर करेंगे ध्वजारोहण, जारी हुई प्रदेशभर की आधिकारिक सूची
ध्वजारोहण सूची में राव इंद्रजीत का नाम न होना बना चर्चा का विषय
चंडीगढ़, 19 जनवरी। हरियाणा सरकार ने 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राज्यभर में ध्वजारोहण करने वाले गणमान्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। जारी प्रस्तावित सूची के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि राज्यपाल प्रो. आशीम कुमार घोष पंचकूला में ध्वजारोहण करेंगे।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार नवगठित जिला हांसी में इस बार केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि यह पहली बार है जब हांसी जिले में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।
गुरुग्राम पर विशेष फोकस
जारी सूची के अनुसार गुरुग्राम जिले में:
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जिला मुख्यालय पर तिरंगा फहराएंगे।
- बादशाहपुर में लक्ष्मण सिंह यादव (विधायक, रेवाड़ी),
- मानेसर में मुकेश शर्मा (विधायक, गुरुग्राम),
- सोहना में तेजपाल तंवर (विधायक, सोहना)
ध्वजारोहण करेंगे।
पंचकूला, रोहतक, रेवाड़ी और अन्य जिलों में ये होंगे मुख्य अतिथि
- पंचकूला: राज्यपाल प्रो. आशीम कुमार घोष
- रेवाड़ी: गौरव गौतम, राज्य मंत्री (युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता)
- रोहतक: अरविंद कुमार शर्मा, सहकारिता मंत्री
- अंबाला: सांसद रेखा शर्मा
- हिसार: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
- फरीदाबाद: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
- करनाल: विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण
- कुरुक्षेत्र: सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
- सिरसा: विपुल गोयल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री
- यमुनानगर: ऊर्जा मंत्री अनिल विज
राव इंद्रजीत सिंह का नाम सूची से बाहर
सरकार की इस प्रस्तावित सूची में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम किसी भी जिला या उपमंडल स्तर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल नहीं है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
सुबह 10 बजे होगा ध्वजारोहण
मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 26 जनवरी को सभी जिला, उपमंडल और तहसील मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को कार्यक्रम को गरिमामय, शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह सूची हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव कार्यालय, राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा 19 जनवरी 2026 को जारी की गई है।
“सरकार द्वारा जारी सूची में सभी जिलों के लिए अलग-अलग गणमान्य व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।”







