नारनौल। शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र में रविवार शाम दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ बलवान शर्मा पर अज्ञात हमलावरों ने उनके घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से न केवल पत्रकार जगत में भारी रोष है, बल्कि शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 7 से 8 युवक एक साथ बलवान शर्मा के घर पहुंचे। इनमें से तीन युवक घर के भीतर घुस गए, जबकि अन्य बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे। हमलावरों ने पहले बलवान शर्मा का नाम पूछा और फिर अचानक उन पर कड़ों से हाथ व छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनके हाथ और छाती पर गंभीर चोटों की पुष्टि की। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना और सीआईए पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस हमले के बाद पत्रकार संगठनों में आक्रोश फैल गया है। पत्रकारों ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता पर हमला बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने अस्पताल पहुंचकर बलवान शर्मा से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह घटना न केवल एक पत्रकार पर हमला है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराने की कोशिश भी मानी जा रही है, जिसे लेकर आमजन में भी चिंता का माहौल है।







