छात्रों की कला और संवेदनशीलता ही समाज को नई दिशा देती है: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मीडिया संस्थान के विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा से अभिभूत हुए शिक्षा मंत्री, हस्तनिर्मित पोर्ट्रेट और न्यूज़लेटर की खुलकर सराहना

कुरुक्षेत्र (संजीव कुमारी), 10 जनवरी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में शुक्रवार को हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अटल संचार भवन का भव्य उद्घाटन किया। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित यह भवन भविष्य में संस्कारवान, संवेदनशील और प्रखर पत्रकारों के निर्माण का सशक्त केंद्र बनेगा।

इस गरिमामयी समारोह का सबसे आकर्षक और भावनात्मक पक्ष विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा रही। मीडिया संस्थान के होनहार छात्रों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा तथा स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संगठक सतीश के जीवंत और अत्यंत आकर्षक हस्तनिर्मित पोर्ट्रेट तैयार किए।
अपने चित्र देखकर शिक्षा मंत्री और सतीश सतीश दोनों ही छात्रों की कला से अभिभूत नजर आए और उन्होंने मुक्त कंठ से विद्यार्थियों की प्रशंसा की।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि एक सच्चे पत्रकार में संवेदनशीलता और कलात्मक दृष्टि का होना बेहद जरूरी है, जो बिना शब्दों के भी समाज से संवाद कर सके। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल खबर लिखने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें सृजनशीलता, सत्यनिष्ठा और समाज को दिशा देने की क्षमता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों की यही सोच और कला भविष्य में समाज को सकारात्मक राह दिखाएगी।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए न्यूज़लेटर का भी विमोचन किया। न्यूज़लेटर की विषयवस्तु, पेशेवर संपादन और आकर्षक डिजाइन की शिक्षा मंत्री तथा स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संगठक सतीश ने जमकर सराहना की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह प्रकाशन विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक पत्रकारिता कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इसे संस्थान की उपलब्धियों का जीवंत दस्तावेज बताते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास और कौशल संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थान के विद्यार्थियों की कलाकृतियां और न्यूज़लेटर संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी, डॉ. मधुदीप सिंह, डॉ. आबिद अली, रोमा, डॉ. प्रदीप राय, डॉ. अभिनव कटारिया, राहुल अरोड़ा, अर्पणा सहित मीडिया संस्थान के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!