गुरुग्राम निगम क्षेत्र में करीब 6 हजार पात्र लाभार्थियों को मिलेंगे ईडब्ल्यूएस फ्लैट
गुरुग्राम, 10 जनवरी। एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के जिन पात्र लाभार्थियों ने आवेदन किया है, वे अपने सर्वे फॉर्म से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज मंगलवार 13 जनवरी दोपहर 2 बजे तक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर दें, ताकि समय रहते उनका डाटा मुख्यालय भेजा जा सके।
एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि योजना के लाभार्थी Survey.hfaharyana.in पोर्टल पर अपनी एप्लीकेशन आईडी एवं मोबाइल नंबर की सहायता से लॉगिन कर यह सुनिश्चित कर लें कि उनके सर्वे फॉर्म से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज सही ढंग से अपलोड किए गए हैं या नहीं। एडीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत वही परिवार पात्र होंगे, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है तथा जिनके नाम पर कोई पक्का मकान नहीं है। यदि किसी लाभार्थी को सर्वे फॉर्म भरने या दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह एडीसी कार्यालय, जेडक्रीम टीम या सीपीएलओ अथवा संबंधित कर्मचारियों से संपर्क कर सकता है।
एडीसी ने बताया कि योजना के तहत गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के करीब 6,000 पात्र लाभार्थियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत कुल 12,384 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 11,294 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है, जबकि 1,090 आवेदन अभी लंबित हैं। जिनकी छंटनी के बाद पात्र आवेदनों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपने सर्वे फॉर्म पूर्ण नहीं किए हैं, वे मंगलवार, 13 जनवरी दोपहर 2 बजे तक अपने फॉर्म अवश्य पूरा कर लें, अन्यथा उनका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा









