एग्री स्टैक पोर्टल पर किसानों की आईडी बनाने को लेकर गांव-गांव विशेष कैंप आयोजित : डीसी अजय कुमार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्री स्टैक पोर्टल से जुड़ना अनिवार्य : डीसी

गुरुग्राम, 09 जनवरी। हरियाणा सरकार द्वारा किसान हित में 18 दिसंबर 2025 से एग्री स्टैक पोर्टल (Agristack Portal) की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के सभी काश्तकार किसानों की एक यूनिक आईडी तैयार की जा रही है, जिससे किसान अपनी भूमि से संबंधित सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन देख सकेंगे। साथ ही, भविष्य में कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें एक ही प्लेटफॉर्म पर सरलता और पारदर्शिता के साथ प्राप्त हो सकेगा।

डीसी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव जाकर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से किसानों की एग्री स्टैक पोर्टल पर आईडी बनाई जा रही है। प्रत्येक गांव में गठित टीम में राजस्व विभाग से एक पटवारी, कृषि विभाग से एक अधिकारी तथा एक कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल है। डीसी ने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर और सुगमता से मिल सके।

कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल तंवर ने बताया कि गुरुग्राम जिले में अब तक 16 हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में प्रशासन द्वारा कैंप लगाए जा रहे हैं, वहां किसान आधार कार्ड की प्रति, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा भूमि की फर्द साथ लेकर आएं और अपनी आईडी अवश्य बनवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसान पोर्टल पर स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं। यदि कोई किसान एग्री स्टैक पोर्टल पर आईडी बनवाने से वंचित रह जाता है, तो वह भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, खाद सब्सिडी सहित अन्य कृषि योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें