वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के खिलाफ TUC का जोरदार प्रदर्शन, ट्रंप का पुतला दहन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुड़गांव, 6 जनवरी 2025। वेनेजुएला पर अमेरिका द्वारा किए गए कथित हमले के विरोध में मंगलवार को ट्रेड यूनियन कौंसिल (TUC) के आह्वान पर जिला न्यायालय परिसर, गुड़गांव के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन कर अमेरिकी साम्राज्यवादी नीतियों की कड़ी निंदा की गई।

इस विरोध प्रदर्शन में AIUTUC सहित TUC के घटक संगठनों और विभिन्न जन संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रदर्शन को TUC के संयोजक एडवोकेट अनिल कुमार, बेलसोनिका एम्पलाई यूनियन के सचिव कॉमरेड अजीत सिंह तथा AIUTUC के जिला सचिव कॉमरेड सरवन कुमार गुप्ता ने संबोधित किया।

AIUTUC जिला सचिव कॉमरेड सरवन कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि अमेरिका अपने गहराते बाजार संकट से उबरने के लिए पूरी दुनिया के संसाधनों और बाजारों पर कब्जा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला पर किया गया हमला अंतरराष्ट्रीय कानूनों की खुली अवहेलना है और यह अमेरिकी दादागिरी व बर्बर साम्राज्यवादी नीति को उजागर करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका का असली उद्देश्य वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर कब्जा करना और युद्ध भड़काकर हथियारों की बिक्री को बढ़ावा देना है, जो विश्व शांति के लिए गंभीर खतरा है।

AIUTUC ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए वेनेजुएला की जनता के साथ एकजुटता व्यक्त की और कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद, युद्धोन्माद और लूट की नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान “जंगखोर अमेरिका मुर्दाबाद”, “वेनेजुएला के साथ एकजुटता जिंदाबाद”, “साम्राज्यवाद–पूंजीवाद मुर्दाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

ट्रेड यूनियन नेताओं ने भारत सरकार से भी मांग की कि वह वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की स्पष्ट शब्दों में निंदा करे और विश्व शांति के पक्ष में ठोस व प्रभावी भूमिका निभाए।

प्रदर्शन में AIUTUC के जिला अध्यक्ष रामकुमार सहित कृष्ण कुमार, हेमराज, निरंजन लाल, बलवान सिंह, पिंटू कुमार, वजीर सिंह समेत बड़ी संख्या में ट्रेड यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें