“मेरा गुरुग्राम स्वच्छ गुरुग्राम – हमारी जिम्मेदारी” अभियान के तहत स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शौर्य चक्र विजेता शहीद कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक और गांव बेगमपुर खटोला में चला स्वच्छता अभियान

भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ सुधा यादव के नेतृत्व में जगाई जा रही स्वच्छ गुरुग्राम की अलख

गुरुग्राम। शहर को स्वच्छ, सुंदर और जिम्मेदार नागरिकों वाला बनाने के उद्देश्य से “मेरा गुरुग्राम स्वच्छ गुरुग्राम – मेरा गुरुग्राम मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत शनिवार और रविवार को गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ सुधा यादव के नेतृत्व में गुरुग्राम में स्वच्छता की अलख जगाई जा रही है।

शनिवार को सेक्टर-10ए में चला स्वच्छता अभियान

शनिवार को यह अभियान शौर्य चक्र विजेता शहीद कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक, सेक्टर-10ए, गुरुग्राम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने मिलकर चौक एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की। इस अवसर पर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। “मेरा गुरुग्राम मेरी जिम्मेदारी” के नारे के साथ नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।

रविवार को गांव बेगमपुर खटोला में जागरूकता कार्यक्रम

रविवार को “हमारा गुरुग्राम, हमारी जिम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत गांव बेगमपुर खटोला में स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गांव की गलियों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों की सफाई की गई। साथ ही ग्रामीणों को गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग से बचाव और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय सहभागिता

इन दोनों कार्यक्रमों में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, पार्षद महाबीर (कादीपुर), शैलेन्द्र पांडेय, सतीश नगर, रामबीर भाटी (उपाध्यक्ष), मन्नु राघव (खटोला), प्रदीप गुर्जर (किसान मोर्चा अध्यक्ष), अर्जुन शर्मा तथा प्रदीप चौधरी (घाटा) सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

डॉ सुधा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ गुरुग्राम का सपना तभी साकार हो सकता है जब प्रत्येक नागरिक इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझे। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने और गुरुग्राम को स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे, ताकि स्वच्छता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!