20 दिसंबर को गीता भवन, न्यू कॉलोनी में होगा सुंदरकांड पाठ
गुरुग्राम, 17 दिसंबर (भारत सारथी): वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुड़गांव शाखा की कोर कमेटी के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज बुधवार को आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में शाखा प्रधान श्री धर्म सागर जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन को-हेड एवं मंच संचालक श्री डी.एन. कवातरा ने किया।

बैठक में जानकारी दी गई कि क्लब की गुड़गांव शाखा का अगला नियमित कार्यक्रम शनिवार, 20 दिसंबर को केंद्रीय सनातन धर्म मंदिर गीता भवन न्यू कॉलोनी में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर श्री रामचरितमानस के पंचम सोपान ‘श्री सुंदरकांड’ का पाठ रखा गया है, जिसका सस्वर पाठ क्लब के एम्बेसडर श्री नंद किशोर सरदाना जी द्वारा किया जाएगा।
शाखा प्रधान श्री धर्म सागर जी ने बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम स्थानीय लोगों की मांग पर गीता भवन मंदिर में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब की गतिविधियों की शुरुआत शुभ एवं आध्यात्मिक वातावरण से हो, इसी उद्देश्य से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे होगी, जबकि सभी सदस्यों से 11:30 बजे तक पहुंचने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए समय से पहुंचने वाले सदस्यों में से पहले और दूसरे स्थान पर आने वाले दो सदस्यों को विशेष पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई। प्रधान श्री धर्म सागर जी ने सभी सदस्यों से समयपालन करने का अनुरोध किया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कार्यक्रम के पश्चात भोजन की व्यवस्था गीता भवन के प्रधान श्री सुरेन्द्र खुलर जी एवं उनकी समिति की ओर से की गई है।
बैठक में श्री नंद किशोर सरदाना जी ने अपने विचार रखते हुए सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत करने की सहमति जताई। इसके अलावा श्री एच.एस. चावला जी ने भी अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर श्री मदन डुडेजा, श्री एम.आर. कुमार, श्री रमेश वशिष्ठ सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।









