गुडगांव, 4 दिसंबर (अशोक): जिले के गांव भौडाखुर्द में बुधवार को उस समय जश्न जैसा माहौल बन गया, जब गांव की बेटी पिंकी दहिया अपने भाई के घर हेलिकॉप्टर से भात न्यौतने पहुंची। जैसे ही गांव धनवापुर से उड़ान भरकर हेलिकॉप्टर भौडाखुर्द स्थित खुले मैदान में उतरा, ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभी के लिए यह एक यादगार और रोमांचक क्षण था, क्योंकि गांव में पहली बार कोई हेलिकॉप्टर उतरा।
हेलिकॉप्टर में पिंकी के साथ उनके पति नरेंद्र दहिया, जेठानी सुनीता, देवरानी सरिता और बच्ची विशु भी मौजूद थीं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में दूल्हा-दुल्हन के हेलिकॉप्टर से आने-जाने की खबरें तो सुनते रहे हैं, मगर बहन का हेलिकॉप्टर से ‘भात’ न्यौतने आना पहली बार देखा।
पिंकी व उनके परिवार के सदस्यों का स्वागत उनके भाई व पंचायत समिति पटौदी के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार पंवार तथा ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से किया।
प्रदीप पंवार ने बताया कि उनके भांजे रोहित दहिया का विवाह 11 दिसंबर को झाड़सा 360 के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकरान की पौत्री के साथ होना सुनिश्चित हुआ है। इसी उपलक्ष में बहन पिंकी का यह विशेष आगमन हुआ।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच कुलदीप, पूर्व सरपंच धर्मपाल, डॉ. रीतू दहिया, राजपाल, भीम सिंह, सुन्दर, बलवान, लक्ष्मीनारायण एवं अधिवक्ता ममता राठी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।







