लोक सेवा मंच की मांग—हर जिले में बने वरिष्ठ नागरिकों के लिए डेडीकेटिड रेजिडेंशियल सेक्टर और फ्री ‘ओल्डएज होम’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीएम और सीएम को भेजे जाएंगे ज्ञापन, वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष : अशोक प्रधान

रेवाड़ी। राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच ने देश और प्रदेश के हर जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डेडीकेटिड रेजिडेंशियल सेक्टर और फ्री ओल्डएज होम बनाने की जोरदार मांग उठाई है। मंच की ओर से ‘मेगा मिशन–26 जन संपर्क अभियान’ के तहत स्थानीय रेजांगला पार्क में वरिष्ठ नागरिकों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बुजुर्गों ने अपने सामने आने वाली समस्याओं और सामाजिक उपेक्षा के मुद्दों को खुलकर रखा।

बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक अशोक प्रधान, मंच की कोर कमेटी सदस्य महेश कौशिक समेत अन्य प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी चिंताओं और जरूरतों को जाना। बुजुर्गों ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी चिंता स्वास्थ्य सुविधाओं, पारिवारिक सहयोग और सम्मानजनक जीवन की है। उन्होंने कहा कि सरकार को बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा पाठ्यक्रम में ऐसे अध्याय जोड़ने चाहिए, जो उन्हें माता-पिता और सभी वरिष्ठ नागरिकों के प्रति कर्तव्य, संस्कार और सम्मान के मूल्यों से जोड़ सकें।

हर जिले में 100 एकड़ का ‘सीनियर सिटीजन सेक्टर’ बनाने की मांग

अपने संबोधन में अशोक प्रधान ने कहा कि समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए बुजुर्गों की देखभाल सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि हर जिले में कम से कम 100 एकड़ का डेडीकेटेड सीनियर सिटीजन सेक्टर विकसित किया जाए, जिसमें—

  • बेसहारा बुजुर्गों के लिए फ्री ओल्डएज होम,
  • वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायती दरों पर फ्लैट और प्लॉट,
  • नि:शुल्क पार्क, खेल मैदान और सभागार,
  • अस्पताल एवं 24 घंटे चिकित्सा व देखभाल स्टाफ,
  • डॉक्टरों और सहयोगी कर्मचारियों के रहने की समुचित व्यवस्था
    शामिल हों।

उन्होंने घोषणा की कि इस प्रमुख मांग को लेकर जल्द ही एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को ज्ञापन भेजा जाएगा।

मंच द्वारा जनहित में किए जा रहे इन प्रयासों पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभियान को अपना आशीर्वाद दिया और उम्मीद जताई कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन के लिए ठोस कदम उठाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें