कहा- देश की तरक्की के लिए किसानों को आगे लाना ही होगा

चंडीगढ़, 22 अक्तूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, खेत मजदूरों की अनदेखी कर रही है, अगर देश को आगे ले जाना है तो देश के किसान और खेत मजदूरों को भी आगे लाना होगा और उनके हितों की रक्षा करनी होगी।

वे मंगलवार को मीडिया से बातचीत कर रही थी। अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष व अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया, जुलाना से नव निर्वाचित कांग्रेस विधायक एवं अंतरराष्टीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांगे्रस नेता चौ. बीरेंद्र सिंह, अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरां और अमित दहिया आदि मौजूद थे। कुमारी सैलजा ने कहा कि मैट पर और जमीन पर जंग लडने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया ने सभी के मान सम्मान की लडाई भी लड़ी है। महिलाओं को सम्मान दिलाने में आगे रहे हैं और अब कांग्रेस के साथ जुडकर किसानों और खेत मजदूरों की आवाज को बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड से नामाकंन दाखिल किया है यह सभी कांग्रेसजनों के लिए खुशी की बात है।

उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता किसान की मेहनत की बदौलत ही देश आर्थिक रूप से संपन्न हो रहा है यानि देश की अर्थव्यवस्था बढ़ाने में किसान की भूमिका अहम होती है। पर भाजपा सरकार किसान और खेत मजदूरों की अनदेखी कर रही है, सरकार किसानों के हितों से विमुख है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब की अनाजमंडी में बदहाली है, किसान परेशान है, एक ओर फसल नहीं बिक रही तो दूसरी ओर खाद को लेकर किसान मारा मारा फिर रहा है। उन्होंने कहा कि ये भाजपा सरकार कहती कुछ और करती कुछ है। उन्होंनें कहा कि अगर देश को आगे बढ़ाना है तो देश के किसान, खेत मजदूरों को आगे बढ़ाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!