भाजपा राष्ट्रीय सचिव का आरोप, आप और कांग्रेस जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए, किसानों को ठहराती है कसूरवार

 पंजाब और दिल्ली सरकार हरियाणा के किसानों को कसूरवार ठहराने की बजाय प्रदूषण नियंत्रण प्रबंधन पर फोकस करे: बोले धनखड़

चंडीगढ़,  22 अक्टूबर।   वायु प्रदूषण को नियंत्रण में रखना  सभी की जिम्मेदारी है। एनसीआर सहित उत्तर भारत में वायु प्रदूषित होने पर पंजाब और  दिल्ली की आप सरकार द्वारा केवल हरियाणा के किसानों को जिम्मेदार ठहराना बिल्कुल ठीक नहीं है। दोनों सरकारों को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है। उन्होंने वायु प्रदूषण को रोकने के लिए क्या क्या कदम उठाएं हैं। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को जवाब देते हुए कहा कि यह विषय ओछी राजनीति का नहीं है। यह सभी के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ विषय है। इस गंभीर विषय पर  आप और कांग्रेस मुंह पर ऑक्सीजन का सिलेंडर लगाकर भी राजनीति करने से पीछे नहीं हटेंगी, आरोपों की राजनीति इनके खून में है। इनका सुधारों से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है, वे केवल अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए हरियाणा पर आरोप मढते हैं।

 पंजाब से बेहतर कार्य कर रही है हरियाणा सरकार   

मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पराली प्रबंधन के लिए विशेष कदम उठाए हैं। किसानों को सबसिडी पर पराली प्रबंधन के लिए संसाधन मुहैया करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पानीपत में सीएनजी प्लांट की शुरुआत हो चुकी है, जहां पर बड़ी मात्रा  में पराली की खपत होती है।

उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सेटेलाइट तस्वीरों से स्पष्ट हो जाता है कि हरियाणा से ज्यादा पंजाब में पराली जलाई जा रही है। पंजाब से उठने वाला धुआं हरियाणा की आबोहवा को प्रदूषित कर रहा है।  उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने का कारण केवल पराली का धुआं नहीं है, बल्कि मौसम परिवर्तन, ट्रांसपोर्ट, जनसंख्या और उद्योगों का धुआं भी जिम्मेदार है। आसपास के क्षेत्र में पराली जलाने का तत्व भी कारण हो सकता है, लेकिन सीधे तौर पर किसानों को कसूरवार ठहराना ठीक नहीं है। हरियाणा की हमारी सरकार इस विषय पर बहुत ही गंभीरता से कार्य कर रही है।

 अपनी जिम्मेदारी से भागती है दिल्ली सरकार
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि दिल्ली सरकार अपनी जिम्मेदारी से भागती है। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर दिल्ली सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। प्रदूषण बढ़ने से दिल्ली सरकार केवल किसानों को कसूरवार ठहराती है। वहीं उन्होंने आप और कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनका काम केवल राजनीति करना है, वे कभी सुधार के लिए कदम नहीं उठाते हैं।

 किसानों को किया पराली प्रबंधन का आह्वान
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने किसानों को पराली प्रबंधन का आह्वान किया। धनखड़ का कहना है कि मिट्टी की उर्वरता को बचाना और मित्र जीवों  की रक्षा करना किसानों का दायित्व है।  किसान इस दायित्व को अच्छी तरह से निभा रहे हैं।  जिस तरह से स्वच्छ पानी चाहिए, उसी तरह सांसों के लिए शुद्ध हवा भी जरूरी है। पराली में आग लगाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और भूमि की उर्वरता क्षमता भी घटती है। किसानों को सजग होना होगा। सरकार की ओर से पराली प्रबंधन को लेकर सबसिडी दी जा रही है, किसानों को इसका लाभ उठाना चाहिए।