नायब सरकार हरियाणावासियों की आशाओं पर खरा उतरेगी : बड़ौली

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा है कि नायब सरकार हरियाणावासियों की आशाओं पर खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अच्छे मंत्रीमंडल का चयन हुआ है और सभी मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिए गए हैं। श्री बड़ौली ने मंत्रियों को जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

भाजपा प्रदेश ने अध्यक्ष ने भर्ती रोको गैंग को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भर्ती रोको गैंग ने काफी प्रयास किए, लेकिन यह भाजपा सरकार है जो निष्पक्ष तरीके से काम करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 25 हजार युवाओं को सरकार बनते ही नौकरियां देकर अपना वादा पूरा किया है। श्री बड़ौली ने कहा कि अगले पांच वर्षों में नायब सरकार 2 लाख युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी देने का काम करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की जनता ने स्पष्ट बहुमत देकर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। भाजपा ने संकल्प पत्र में जो लक्ष्य तय किया है उन सभी लक्ष्यों को नायब सरकार पूरा करेगी। विकास की दृष्टि से हरियाणा तेजी से आगे बढ़ेगा। श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने थोड़े से समय में ही 126 निर्णय लेने का ऐतिहासिक काम किया। मुख्यमंत्री ने चुनाव के समय जो वादे किए थे उन्हें लगातार पूरा कर रहे हैं।

पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो जनआकांक्षाओं को संकल्प के साथ पूरा करती है। भाजपा जो वादा करती है उसे 100 प्रतिशत पूरा करती है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में शहरी स्थानीय निकायों तथा पंचायतों में समाधान शिविर लगाने का जो निर्णय लिया है वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान त्वरित गति से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!