राव नरबीर सिंह ने अधिकारी को स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि गुरुग्राम में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।

गुरुग्राम। कैबिनेट मंत्री का कार्यभार संभालते ही राव नरबीर सिंह एक्शन मोड में आ गए हैं। राव नरबीर सिंह ने शनिवार को गुरुग्राम पहुंचकर अधिकारियों की बैठक ली।  राव नरबीर सिंह ने अधिकारी को स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि गुरुग्राम में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त शासन स्थापित करना ही भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसको लेकर पहले ही स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं।

राव नरबीर सिंह ने कहा की किसी भी अधिकारी की पैसे लेने की कोई शिकायत आई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के पास दीपावली तक का समय है, इतने समय के दौरान वह अपने व्यवहार में सुधार कर ले और गुरुग्राम के विकास पर ध्यान दें। अगर कोई अधिकारी गुरुग्राम के विकास के बारे में नहीं सोच सकता तो उसे यहां रहने का भी कोई अधिकार नहीं है। वह यहां से ट्रांसफर कराकर चला जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही व मनमर्जी के कारण ही गुरुग्राम में पिछले कुछ समय से हालात लगातार बिगड़े हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। गुरुग्राम को फिर से विकास के पथ पर लाया जाएगा।

अधिकारी पैसे मांगे तो मुझसे लेकर जाएं :

राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम पहुंचते ही सबसे पहले महावीर चौक पर लगी अपने पिता व हरियाणा के पूर्व परिवहन मंत्री स्वर्गीय राव महावीर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात अपने आवास पर उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने मौजूद लोगों को कहा कि अगर कोई अधिकारी रिश्वत मांगे तो पैसे उनसे लेकर जाएं। अधिकारी से रिश्वत के पैसे वापस लेना व उसे सजा दिलाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में बनी भाजपा की सरकार जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरा उतरेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। हाल ही में 24 हजार नौजवानों को बिना खर्ची पर्ची के नौकरी देने इसका उदाहरण है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि जिस तरह से जनता का समर्थन मिल रहा है उससे साफ है कि प्रदेश में अगले 20 वर्षों तक भाजपा सरकार ही रहने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *