सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने क्षेत्र में चुनावी हवा को कांग्रेस की तरफ कर दिया है : कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव

गुडग़ांव। बादशाहपुर विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार करके गए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने क्षेत्र में चुनावी हवा को कांग्रेस की तरफ कर दिया है। क्षेत्र में लोगों के बीच कांग्र्रेस का घोषणा पत्र भी चर्चाओं का विषय बना हुआ है। कांग्रेस के घोषणा पत्र को जनहित में बताते हुए कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने इसे सरकार बनते ही लागू करने की बात कही।

बादशाहपुर क्षेत्र में चुनाव प्रचार करते हुए वर्धन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने देश और प्रदेश में जब भी शासन किया है, अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए योजनाएं बनाई हैं। भाजपा की 10 साल से केंद्र व राज्य में सरकारें रही। गरीबी खत्म करने का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा ने डिजिटल के नाम पर देश को परेशान किया। परिवार पहचान पत्र जैसे कागजों से गरीबों को गरीबी रेखा से ही बाहर कर दिया। हकीकत यह है कि भाजपा राज में गरीब और अधिक गरीब हुए और अमीरों की संपत्ति और अधिक बढ़ी। वर्धन यादव ने कहा कि मैं बादशाहपुर की जनता से यही आग्रह करता हूं कि आपका भाई, आपका बेटा बनकर मैं चुनाव मैदान में हूं। सभी का आशीर्वाद चाहता हूं। आपके आशीर्वाद से ही आपकी सेवा के लिए चुनाव मैदान में आया हूं। आप मुझे चंडीगढ़ भेज दें। क्षेत्र को विकास की दृष्टि से आगे बढ़ाना, समस्याओं का समाधान करना, चुनावी घोषणा पत्र में शामिल विषयों को लागू करवाकर सभी को लाभ मैं दिलाऊंगा। यह बात बादशाहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने कही।

वर्धन यादव ने कहा कि जिन लोगों ने 10 साल तक हरियाणा को बर्बाद करने का काम किया, अब उनको हरियाणा से बाहर करने का समय आ गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि भाजपा के बहकावे में अब नहीं आना है। भाजपा ने पहले आपको 10 साल बहकाकर वोट जरूर लिए, लेकिन काम नहीं किया। भाजपा आज खुद ही बंटी हुई है। वह हरियाणा को एकजुट करने का और विकास करने का झूठा आश्वासन कर रही है। वर्धन यादव ने विकास कार्यों की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि आज क्षेत्र में सडक़ें बदहाल हैं। सीवरेज व्यवस्था ठप है। बिजली, पानी व्यवस्था लचर है। बेरोजगारी बढ़ी है। महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे रही है। ऐसे में अब हम सबको एकजुट होकर भाजपा को चलता करना है। कांग्रेस सरकार हरियाणा का समग्र विकास करेगी। कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि आपकी सेवा में कभी कोई कमी नहीं आने दूंगा। भले ही मेरा राजनीतिक अनुभव ना रहा हो, लेकिन समाज सेवा के लिए मेरा बहुत अनुभव है। पिछले कई साल से आप सबके बीच में काम कर रहा हूं। आप सब मेरे काम से वाकिफ हैं। आपके आशीर्वाद से विधानसभा पहुंचकर आपकी सेवा, क्षेत्र को सरकारी सेवाओं का लाभ और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता रहेगी।

वर्धन यादव ने सोमवार को इलाइट फिटनेस जिम सेक्टर-83, हरिजन चौपाल धनकोर्ट, राम विहार धनवापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास, गाड़ोली खुर्द, द्वारका एक्सप्रेस-वे पिलर नंबर-62 के पास, ओम विहार फेज-1, धनकोर्ट गांव की धर्मशाला, खेडक़ी रोड धनकोट श्रीराम एनकलेव, भवानी एनकलेव, पालम विहार जे-ब्लॉक, नॉर्थ कैप यूनिवर्सिटी के पीछे जन्मदिवस पार्क में, मारुति कंपनी के सामने सतगुरू एनकलवे में चुनावी सभाएं करके अपने पक्ष में वोट मांगे।

प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि जो नेता यहां से जीतकर मंत्री पद तक पहुंचे, वो बादशाहपुर की जनता के बीच से गायब हो गए थे। अब चुनाव के समय निकलकर आए हैं। मैं पिछले 5 साल से भी ज्यादा समय से आपके बीच में हूं। सबके सुख-दुख में शामिल रहा हूं। सबकी समस्याओं को जानता हूं। विपक्ष में रहकर आपकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम किया। हालांकि सरकार ने सुविधाएं देने के नाम पर कुछ नहीं किया। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि हम अपने विकास के लिए अब एकजुट होकर काम करेंगेे। उन्होंने कहा कि बादशाहपुर विधानसभा पिछले 10 साल से विकास के लिए तरस रहा है। यहां से बनने वाले विधायकों ने जनता का वोट लेकर पूछा तक नहीं। जनता समस्याओं से जूझती रही।

वर्धन यादव ने कहा कि ना तो सत्ताधारी किसी नेता को कोई फर्क पड़ा और ना ही अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लिया। मानेसर नगर निगम बनाकर गांवों की जमीन को सरकार ने अपने कब्जे में कर लिया। नगर निगम में शामिल गांवों में कोई सुविधाएं नहीं दी गई। सभी गांव समस्याओं से जूझ रहे हैं। बादशाहपुर विधानसभा गुडग़ांव के चारों तरफ फैली है। कहीं पर भी विकास नजर नहीं आता। लोग सरकार को कोसते नजर आते हैं। ऐसी सरकार का क्या फायदा जो मूलभूत सुविधाएं तक 10 साल में उपलब्ध नहीं करा सकी। 

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!