ऑडियो ब्रिज के माध्यम से हरियाणा के लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी ने किया सीधा संवाद

कहा भाजपा का कार्यकर्ता हर बूथ जीतने के लिए कर रहा है काम

प्रधानमंत्री ने हरियाणा के 4317 शक्ति केंद्रों के लाखों कार्यकर्ताओं को दिए चुनाव जीतने के टिप्स

हरियाणा से रहा है विशेष नाता, हरियाणा से काम करके निकला कार्यकर्ता हूं : पीएम मोदी

विपक्ष के रूप में भी असफल रही कांग्रेस, 10 वर्षों से रहे आपसी गुटबाजी में लिप्त : मोदी

कांग्रेस की राजनीति झूठ पर आधारितः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

मत जीतने के लिए लोगों का मन जीतना आवश्यक, चुनाव से पहले प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

चंडीगढ़, 26 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ‘‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’’ कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से आडिओ ब्रिज तकनीक के माध्यम से सीधा संवाद कर उन्हें अपने बूथ पर कमल खिलाने का मंत्र दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे हरियाणा के कार्यकर्ताओं के साथ बहुत समय तक नजदीकी से धरातल पर काम करने का और बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा की नई और पुरानी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं की कर्मठता हमेशा उन्हें प्रेरणा देती रही है। हरियाणा के लोगों का खुशमिजाज स्वभाव और गंभीर से गंभीर बात को तार्किक ढंग से मजाकिया लहजे में हल्का-फुल्का बना देना हरियाणा से ही सीखा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हरियाणा से उनका विशेष नाता रहा है। विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा के कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं और ‘‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’’ के मंत्र के साथ अपना बूथ जीतने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव जीतने की उनकी एक ही रणनीति है, चुनाव जीतने का अर्थ है पोलिंग बूथ जीतना, जो बूथ जीतता है, वही चुनाव जीतता है। हरियाणा का प्रत्येक पोलिंग बूथ भारतीय जनता पार्टी की मजबूत चौकी है और भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता किसी भी बूथ में अपना झंडा झुकने नहीं देता है, इसलिए हर पोलिंग बूथ के कार्यकर्ता को गर्व होना चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कराने के लिए मेहनत करता है।

दस सालों से जनता के मुद्दों से दूर गुटबाजी में व्यस्त थी कांग्रेस

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का आधार सिर्फ झूठ बोलने पर टिका है। कांग्रेस के लाउडस्पीकर जो पहले बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, उनका करंट भी पूरी तरह से कमजोर हो चुका है और कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है। पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस एक विपक्ष के रूप में भी कमजोर रही है। कांग्रेस का अधिकतर समय गुटबाजी में और एक दूसरे का हिसाब चुकता करने में बीता है। कांग्रेस पार्टी पिछले 10 सालों में जनता के मुद्दों से दूर रही है और सारी राजनीति अपने परिवारों के लिए अथवा अपने गुटों के लिए की है। इसी कारण कांग्रेस हरियाणा की जनता का विश्वास कभी भी नहीं जीत सकती। कांग्रेस के आंतरिक कलह से हरियाणा का बच्चा-बच्चा परिचित है, लेकिन हमारी रणनीति उनके कलह पर केंद्रित नहीं होनी चाहिए, हमें अपने परिश्रम से अपना झंडा लहराना है।

जागरूक है हरियाणा की जनता

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता बहुत जागरूक है, वे जानते हैं कि हरियाणा का विकास बिना किसी रोक-टोक के तेज गति से आगे बढ़ाना है और दिल्ली में जिसकी सरकार हो उसी की सरकार को हरियाणा में भी लाना पड़ेगा। हरियाणा ने पिछले सात दशकों में लगातार यही किया है। इस बार भी हरियाणा दिल्ली की भाजपा सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर हरियाणा को हिंदुस्तान का नंबर एक राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। इसलिए हमें जनता की इस भावना का आदर करते हुए, अपनी ताकत पोलिंग बूथ में लगानी है।

हरियाणा की धरती पर किया है काम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मुझे दो बार आने का मौका मिला और नागरिकों का उत्साह और उमंग देखकर हैरान हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं हरियाणा की धरती पर काम करके निकला हुआ कार्यकर्ता हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि हरियाणा की जनता ने बीजेपी को फिर से एक बार सेवा करने का अवसर देने का निर्णय कर लिया है। हरियाणा की जनता 10 साल में बिना भ्रष्टाचार और बिना खर्ची-पर्ची की सरकार से खुश है।

मत जीतने से पहले मन जीतने का दिया मंत्र

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता रणवीर सिंह मंडल ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और हरियाणा की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अटूट विश्वास कायम है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र की सराहना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक घर में अपनी सरकार की उपलब्धियों और संकल्पों को बेहतर ढंग से समझाने का मार्गदर्शन दिया। प्रधानमंत्री जी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आम जनता का मन जीत लेना अधिक आवश्यक है, क्योंकि मन जीतने के बाद मत जीतना सरल हो जाता है। इस अवसर पर हरियाणा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को बताया कि हरियाणा की जनता को आयुष्मान कार्ड और जन-धन योजना का लाभ विशेष रूप से मिल रहा है और इससे जनता में भारतीय जनता पार्टी के सकारात्मक कार्यों का विशेष प्रभाव है। इस अवसर पर रोहतक के अपने पुराने दिनों के साथी कार्यकर्ता जयनारायण खूँदिया को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने भावुकतापूर्वक उनके मंत्र के अनुरूप प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ पर भाजपा की विजय सुनिश्चित करने की अपील की।

तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनने जा रही भाजपा सरकार

कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विजय निश्चित है। चुनाव में अब एक हफ्ते का समय बचा है और सभी कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथ के एक-एक परिवार को लक्षित करके पूरी कर्मठता के साथ काम करें। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक घर के लोगों को अपने साथ जोड़कर मतदान कराने के दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे आने वाले एक हफ्ते में अपनी सारी ताकत झोंक दें और कांग्रेस के फैलाए गए झूठ की चिंता छोड़ दें। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का निर्णय कर लिया है।

हरियाणा के 4317 शक्ति केंद्रों पर लाखों कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़े प्रधानमंत्री मोदी

ऑडियो ब्रिज के माध्यम से हरियाणा के लाखों कार्यकर्ताओं से मोदी ने किया सीधा संवाद, चुनाव जीतने के लिए दिए टिप्स

मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री ने रणबीर सिंह, कमलेश श्योराण, मुकेश सैनी और अजय खुंडिया से किए सवाल जवाब

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली बरौदा विधानसभा के बूथ नंबर 162 पर सुना मोदी का कार्यक्रम

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मध्यनजर प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं से नमो एप के आडियो ब्रिज से सीधे संवाद किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यकर्ताओं से बात कर फील्ड में काम करने के उनके अनुभव को जाना और खुद भी उन्हें चुनाव जीतने के मंत्र दिए। प्रधानमंत्री ने सबको बताया कि किस तरह कार्यकर्ता धरातल पर काम कर प्रदेश में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में ला सकते हैं। मोदी ने बेहतर काम के लिए हरियाणा भाजपा के कार्यकर्ताओं की पीठ भी थपथपाई। संवाद कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली सहित तमाम नेता अपने-अपने बूथों पर रहे। मोहन लाल बड़ौली बरौदा विधानसभा के बूथ नंबर 162 पर उपस्थित होकर संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।

मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम हरियाणा के 4317 शक्ति केंद्रों पर आयोजित किया गया। शक्ति केंद्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आडियो ब्रिज तकनीक के माध्यम से लाखों कार्यकर्ता सीधे जुड़े और बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के चार कार्यकर्ताओं से सवाल भी किए और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री से अपने-अपने क्षेत्रों के बारे में बताया। प्रधानमंत्री से बात करते समय कार्यकर्ताओं का उत्साह जबरदस्त रहा। कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी से खुलकर बात की और अपने क्षेत्रों की पूरी जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं से बूथ और चुनाव अभियान की जानकारी ली और चुनाव जीतने के टिप्स भी दिए।

सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भिवानी जिला की बुवानीखेड़ा विधानसभा से मंडल महामंत्री सूबेदार रणबीर सिंह से बातचीत की। रणबीर सिंह 2014 में हुई पीएम मोदी की रैली में मोदी के विचारों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए थे। प्रधानमंत्री ने रणबीर सिंह की संवाद के दौरान जमकर तारीफ भी की। इसी तरह पीएम मोदी ने बाढ़डा विधानसभा से महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष कमलेश श्योराण और सोनीपत से मंडल अध्यक्ष मुकेश सैनी से चुनाव पर चर्चा की। चर्चा के दौरान मुकेश सैनी ने बताया कि उसकी चाय की दुकान पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चाय बनाई थी। मुकेश सैनी की बातों से प्रधानमंत्री काफी प्रभावित हुए और कहा कि हरियाणा का सौभाग्य है कि नायब सिंह सैनी जैसा मुख्यमंत्री हरियाणा के लोगों को मिला है। मुकेश ने प्रधानमंत्री को भी अपनी चाय की दुकान पर आने का न्योता दिया।

संवाद के आखिरी में प्रधानमंत्री मोदी ने एससी मोर्चा के रोहतक से प्रदेश महामंत्री अजय खुंडिया से बूथ पर चल रहे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने अजय खुंडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आप लोगों की तीन-तीन पीढ़ियां भाजपा की सेवा कर रही है, यह बहुत ही गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने संवाद के दौरान हरियाणा भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि अब चुनाव में समय कम बचा है, कड़ी मेहनत करें और पोलिंग बूथ के सभी रिकार्ड तोड़कर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएं।

Previous post

प्रदेश में अब तक कुल 54.46 करोड़ रुपये की अवैध शराब, मादक पदार्थ, नकद राशि व कीमती वस्तुएं की गई जब्त – मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल

Next post

हरियाणा में क्लीन स्वीप करने जा रही है कांग्रेस : राहुल गांधी

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!