क्या कांग्रेस भाजपा के रास्ते पर चलेगी ‘आप’ ….. अहीर, सैनी व ब्राह्मण प्रत्याशी के बुलबुते पर लड़ा जाएगा चुनाव

अशोक कुमार कौशिक 

नारनौल विधानसभा सीट दक्षिणी हरियाणा की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है, जहां 2014 – 2019 में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। इससे पहले पंडित कैलाश चंद शर्मा नसीरपुर वाले ने 1987 में कमल को खिलाया था। इस बार नारनौल विधानसभा सीट के परिणाम किस पार्टी के पक्ष में होंगे, यह जनता को तय करना है। कभी ब्राह्मण बनियों की पक्की सीट माने जाने वाली नारनौल विधानसभा में अहीरों के बाद सैनी और दलित बिरादरी का वर्चस्व ज्यादा है। चौथे नम्बर पर ब्राह्मण आते हैं। इसलिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी की भी नजरे इन्ही जातियों पर टिकी है। 

टिकट की चाह रखने वाले नेताओं की जिला महेंद्रगढ़ में बाढ़ से आई हुई है। चुनाव घोषणा होने के बाद शहर गांव के बिजली के खंभों,  मकान, सड़कों के किनारे पेड़ों पर होर्डिंग टांग अपने आप को टिकट पक्का दावेदार बताने वाले नेता कुकरमुत्ते की तरह दिखाई दे रहे हैं। प्रचार सामग्री से शहरों और गांव का बुरा हाल है। प्रचार सामग्री व जनसंपर्क के जरिए अपनी टिकट की दावेदारी पक्की मानकर चल रहे कांग्रेस व बीजेपी टिकटार्थी अपनी अपनी जेब में अपनी-अपनी पार्टी की टिकट पक्की मानकर चल रहे हैं। वह अपने-अपने संपर्कों के जरिए टिकट पाने की हर जुगत भिड़ा रहे हैं। इसके लिए वह अपने आकाओं की परिक्रमा पर यह तय है कि भाजपा कांग्रेस में दावेदारों का हुजूम सा उमड़ा हुआ है। यह लोग अपने आप को धनबल और जनबल के सहारे बड़ा से बड़ा समाज सेवी सिद्ध करने में पीछे नहीं हो रहे हैं। जनता को विश्वास दिला रहे हैं की टिकट उनकी पक्की है। भले ही क्षेत्र के समस्याओं और उसके निराकरण को लेकर उनके पास कोई प्लान ना हो पर वह क्षेत्र की कायाकल्प का दावा जरूर कर रहे हैं।

सबसे ज्यादा भाजपा तथा कांग्रेस की टिकट की चाह रखने वाले नेता अग्रिम पंक्ति में है। भाजपा में क्षेत्रीय क्षत्रप राव इंद्रजीत सिंह से लेकर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व अथवा शीर्ष नेतृत्व की चरण वंदना में टिकटार्थी दिखाई दे रहे हैं। जो मारामारी भाजपा में है उससे विपरीत अछूती कांग्रेस भी नहीं है। इसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, चौधरी बीरेंद्र सिंह व रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित दिल्ली दरबार में अपने संपर्क सूत्रों को आजमा रहे लोग भी हैं। टिकट की चाह रखने वालों में सेवानिवृत न्यायाधीश, आएएस व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पीछे नहीं है। दोनों पार्टियों से टिकट की कतार में नेताओं के वंशज भी लगे हैं। इसके साथ-साथ दूसरी पार्टी से इन पार्टियों में दल बदल कर आए लोग भी आस लगाए हुए हैं। टिकटार्थी में वह लोग भी शामिल है जिन्हें जनता ने पीछे अस्वीकार कर दिया है। 

भाजपा में क्षेत्रीय क्षत्रप राव इंद्रजीत सिंह से लेकर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व अथवा शीर्ष नेतृत्व की चरण वंदना में टिकटार्थी दिखाई दे रहे हैं। जो मारामारी भाजपा में है उससे अछूती कांग्रेस भी नहीं है। नारनौल विधानसभा सीट की बात करें तो कांग्रेस टिकट की चाह रखने वाले 40 लोग लाइन में। इसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, चौधरी बीरेंद्र सिंह व रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित दिल्ली दरबार में अपने संपर्क सूत्रों को आजमा रहे हैं। टिकट की चाह रखने वालों में सेवानिवृत न्यायाधीश, आएएस व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पीछे नहीं है। दोनों पार्टियों से टिकट की कतार में नेताओं के वंशज भी लगे हैं। इसके साथ-साथ दूसरी पार्टी से इन पार्टियों में दल बदल कर आए लोग भी आस लगाए हुए हैं। टिकटार्थी में वह लोग भी शामिल है जिन्हें जनता ने पीछे अस्वीकार कर दिया है। 

चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों ने लंगोट कस ली है। अभी किसी भी राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है लेकिन इन दलों से संबंध रखने वाले अनेक उम्मीदवारों ने टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने के मंसूबे भी पाल रखे हैं। महेंद्रगढ़ जिले की नारनौल विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय क्षेत्रीय दलों के अलावा निर्दलीयों के रुप में चुनाव लड़ने वालों की बाढ़ सी आई हुई हैं।

राजनीतिक दलों की टिकट के चाहने वालों की स्थिति पर गौर करें तो हालत “एक अनार सौ बीमार” वाले़ बने हुए हैं। राष्ट्रीय दलों भाजपा कांग्रेस की टिकट को लेकर कोहराम सा मचा हुआ है। इस बार राजनीतिक दलों ने सर्वे के आधार पर जिताऊ उम्मीदवार को टिकट देने की घोषणा क्या कि टिकट के चाहनेवालो ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में अपना अभियान तेज कर चुनाव का तगड़ा माहौल बना दिया है। 

दक्षिणी हरियाणा की नारनौल सीट अतीत में ब्राह्मण बनियों के पास रहने वाली सीट रही है। तीन बार इस सीट पर गुर्जर प्रत्याशियों का कब्जा रहा। पर 2014 के बाद अहीरों का कब्जा है। अब यहां लड़ाई अहीर और सैनी बिरादरी के बीच में रहेगी यह यह नगर परिषद के चुनाव के बाद प्रसारित किया जाने लगा है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के ओम प्रकाश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी इनेलो के कमलेश सैनी को चार हजार से अधिक वोट के अंतर से मात दी थी। भाजपा ने अब अहीर बाहुल्य इस सीट से एक बार फिर 2019 में ओम प्रकाश यादव को ही उम्मीदवार बनाया और जीत दर्ज की। तब कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी। कांग्रेस के 2019 में तीसरे स्थान पर रहे नरेंद्र सिंह नारनौल छोड़कर अटेली चले गए हैं । लेकिन जनता का मानना है कि नारनौल सीट के लिए वही सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। राव नरेंद्र की राजनीतिक पारी उनके पिता के देहांत के बाद अटेली से शुरू हुई थी। बार-बार सीट बदलना उनके खिलाफ जा सकता है। अटेली में उनकी स्थिति बेहतर नहीं है उनको वापस नारनौल लौटना पड़ सकता है।

नारनौल सीट से आजादी के बाद 1951 और 1954 के चुनाव में कांग्रेस के रामशरण चंद्र मित्तल विधायक चुने गए थे। 1957 में जनसंघ के पंडित देवकीनंदन वैद्य ने रामशरण चंन्द्र मित्तल को पराजित कर उनका विजय रथ रोक दिया था। 1962 में कांग्रेस से मित्तल फिर निर्वाचित हुए। 1967 में जनसंघ के बनवारी लाल छक्कड़ विधायक चुने गए थे। 1968 में रामशरण चंद्र मित्तल विधायक चुने गए। 1972 में रामचरण चंद्र मित्तल कांग्रेस से विजयी रहे। उन्होंने मनोहर लाल विशाल हरियाणा पार्टी को शिकस्त दी।

1977 में अयोध्या प्रसाद ने नारनौल में समाजवाद का परचम लहराया। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के अतर सिंह को परास्त किया। इस मुकाबले में चौधरी फुसाराम निर्दलीय तीसरे नंबर पर थे और राव निहाल सिंह कांग्रेस से चौथे नंबर पर रहे। 1982 में कांग्रेस की टिकट पर चौधरी फूसाराम विधायक निर्वाचित हुए। 1987 में भाजपा के पंडित कैलाश चंद शर्मा नसीबपुर ने नारनौल सीट से पहली बार कमल को खिलाया। उन्होंने कांग्रेस के फुसाराम को पराजित किया।1991 में कांग्रेस के फुसाराम विजयी रहे। उन्होंने जनता पार्टी के उदमी राम, हविपा के होशियार सिंह तथा भाजपा के कैलाश चंद शर्मा को शिकस्त दी। यहां हविपा के होशियार सिंह तीसरे तथा भाजपा के उम्मीदवार कैलाश चंद शर्मा चौथे स्थान पर रहे।

सन् 1996 के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार कैलाश चंद्र शर्मा अमरपुरा ने जीत का स्वाद चखा। उन्होंने भाजपा के कैलाश चंद्र को हराया। समता पार्टी के राव होशियार सिंह तीसरे नंबर पर तथा कांग्रेस के चौधरी फुसाराम चौथे नंबर पर रहे। 2000 की चुनावी जंग भी निर्दलीय बनाम निर्दलीय रही। इसमें तीन निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में थे । मूलाराम ने निकटतम प्रतिद्वंदी पण्डित राधेश्याम शर्मा को पराजित किया। अस्थल बोहर के महंत बाबा चांदनाथ निर्दलीय तीसरे स्थान पर रहे वही कांग्रेस प्रत्याशी रेणु पोसवाल पांचवें स्थान पर रही।

2005 में भी निर्दलीय राधेश्याम शर्मा ने सीट बरकरार रखी। उन्होंने कांग्रेस के चंद्र प्रकाश एडवोकेट को पराजित किया। इस चुनाव में एसपी के उम्मीदवार राव बहादुर तीसरे स्थान पर, आजाद उम्मीदवार कैलाश चंद चौथे स्थान पर तथा इनेलो के प्रत्याशी एडवोकेट तेज प्रकाश यादव पांचवें स्थान पर रहे। 2009 के चुनाव में हरियाणा जनहित कांग्रेस के राव नरेंद्र सिंह विजयी रहे थे। उन्होंने इनेलो के भानाराम सैनी को परास्त किया।

2014 में कांग्रेस से दल बदल कर भाजपा में राव इंद्रजीत सिंह के साथ आने वाले ओम प्रकाश यादव को टिकट दी और वह विजयी रहे। उन्होंने जेजेपी की कमलेश सैनी को शिकस्त दी। इस चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राव नरेंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 

2019 में भी उन्हें ओम प्रकाश यादव को दोबारा भाजपा की टिकट पर यहां जीत मिली। उन्होंने भाजपा की कमलेश सैनी को परास्त किया। इस चुनाव में कांग्रेस के राव नरेंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में तथा इसके बाद हुई नगर परिषद चुनाव में लड़ाई अहीर बनाम सैनी हो गई।

इस सीट पर 1957 में वैद्य देवकीनंदन शर्मा 1967 में बनवारी लाल छक्कड़ 1977 में अयोध्या प्रसाद शर्मा, 1987 में भाजपा पंडित कैलाश चंद शर्मा नसीबपुर, 1996 में पंडित कैलाश चंद अमरपुरा, 2005 में पंडित राधेश्याम शर्मा जीते। इस प्रकार छह बार इस सीट पर ब्राह्मणों का कब्जा रहा। 1962 में रामशरण चंद्र मित्तल, 1968 में रामचरण चंद मित्तल तथा 1972 में रामचरण मित्तल तीन बार की सीट से विजयी रहे। इस तरह तीन बार वैश्य समुदाय का इस सीट पर कब्जा रहा।1982 में चौधरी फुसाराम, 1991 में फिर से चौधरी फुसाराम तथा 2000 में उनके बेटे चौधरी मूलाराम ने इस सीट पर जीत दर्ज की। तीन बार गुर्जर बिरादरी के पिता पुत्र यहां से जीते। 

नए परिसीमन के बाद 2009 में हजकां से राव नरेंद्र सिंह अहीर प्रत्याशी के रूप में पहली बार यहां से जीते। 2014 तथा 2019 के चुनाव में ओम प्रकाश यादव अहीर प्रत्याशी के रूप में यहां से जीते।

1972 के बाद कांग्रेस की लगातार स्थिति खराब रही। 10 साल बाद 1982 में चौधरी फुसाराम ने कांग्रेस से जीत दर्ज कर इस अकाल को तोड़ा। 1991 में फिर चौधरी फुसाराम ने कांग्रेस से जीत दर्ज की। इसके बाद से नारनौल विधानसभा सीट कांग्रेस के हाथों से खिसक गई और उसकी स्थिति बद से बदतर होती चली गई। आपसे गुट बाजी में उलझी कांग्रेस को अब यहां जीत के बड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। अगर प्रत्याशी चयन सही ढंग से नहीं हुआ तो फिर से कांग्रेस के हाथों से तोते उड़ सकते हैं।

नारनौल विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो कुल मतदाताओं की संख्या 1,55,359 हैं। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 81,652 जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 73,116 हैं। जातिगत जनगणना नहीं हुई है इसलिए जातिगत आंकड़े नहीं है केवल अनुमानित आंकड़े पेश किए जाते रहे हैं। इस समय अहीरों के मत सबसे ज्यादा है। दूसरे नंबर पर सैनियों के मत बताए जा रहे हैं। 

अनुमानित आंकड़ों के अनुसार अहीर 40862, सैनी 25739, ब्राह्मण 12039, जाट 7122, प्रजापत 4940, स्वामी 2276, जोगी 1607, नाई 1522, सुनार 1877, मनिहार 927, भार्गव 406, धोबी 347, जांगड़ा 6648, छिप्पी 547, महाजन 782, गुर्जर 1968, राजपूत 582, पंजाबी 1218, सिख 921, कायस्थ 158, मुस्लिम 216, चमार 14803, धानक 8560, वाल्मीकि 1782, बावरिया 1506, ग्वारिया 1921, नट 108, कीर 207, कोहली 685, सिंगीवाल 183, लोहार 508, बंजारा 922, खटीक 1879, सर्विसमैन 2298 अन्य 1546 है।

भाजपा से पूर्व मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा,वर्तमान विधायक ओम प्रकाश यादव, भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, पृथ्वी सिंह एडवोकेट, हाल ही में जजपा से भाजपा में शामिल हुई नगर परिषद चेयरमैन कमलेश सैनी, पूर्व नगर परिषद चेयरमैन भारती सैनी, जेपी सैनी, बाबूलाल यादव, वासुदेव यादव, कृष्ण अवतार, मनदीप यादव, सत्यव्रत शास्त्री, संदीप राव एडवोकेट नीरपुर, राकेश शर्मा पूर्व जिला अध्यक्ष, शिवकुमार शर्मा पूर्व जिला अध्यक्ष, पम्मी पोटन व पूर्व चेयरमैन गोविंद भारद्वाज सहित अनेक लोग लाइन में है। भाजपा में टिकट के तीन तरह के दावेदार एक दावेदार गुरुग्राम के सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक,  दूसरे भाजपा कैडर से जुड़े तथा तीसरे वह जो दूसरे दलों से आए हैं।

नारनौल कांग्रेस से पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह के पुत्र कृष्ण राव, पूर्व सत्र न्यायाधीश राकेश यादव, पूर्व आईएएस विकास यादव, पूर्व अधिशासी अभियंता राव सुखविंदर सिंह, ग्रामीण महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष डॉ राजवती यादव, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अजय शर्मा, सुधीर शर्मा, दिनेश शर्मा उर्फ पालाराम, पूर्व विधायक रघु यादव के पुत्र सृजन यादव, जजपा से आए तेज प्रकाश यादव एडवोकेट, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान मनजीत सिंह एडवोकेट, चांद सिंह यादव एडवोकेट, कृष्ण सैनी एडवोकेट, प्रदीप यादव बसीरपुर, राव निहाल सिंह के पुत्र सुरेंद्र सिंह, संजीव गुप्ता, सरपंच अतेंद्र यादव, राजेश मांदी, प्रदीप यादव एडवोकेट, संजय पटीकरा, सुरेश यादव, श्रीमती रिंकी सैनी, बिशन कुमार सैनी, विकास यादव, लालचंद जोशी, सतवीर सिंह, श्रीमती माया, वीरेंद्र सिंह, नाथूराम, अविनाश कुमार, श्रीमती रोहिणी यादव, भाई राम सिंह, अशोक कुमार यादव, श्रीमती रेखा रानी, दयानंद सोनी, बीरेंद्र सिंह सैनी, रेखा सैनी, कांता यादव व ओमप्रकाश इंजीनियर अपनी दावेदारी जता रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों ने अपनी धर्मपत्नियों के नाम से भी टिकट के लिए आवेदन किया है।

अशोक कुमार मांदी व अजय यादव भाईड़ा का अभी निश्चित नहीं है कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने अभी पत्ते नहीं खोले है। शहर में होल्डिंग लगाकर जरुर उन्होंने अपने आपको दावेदार जता रखा है। आप पार्टी से इंजीनियर नरेंद्र राव, सुरेश सैनी, गिरीश खेड़ा तथा रविंद्र कुमार एडवोकेट पार्टी टिकट के दावेदार हैं। इनेलो से नृसिंह दायमा तथा निर्दलीय के रूप में शहर के क्रांतिकारी उमाकांत छक्कड़ दम खम ठोकने के लिए तैयार बैठे हैं। भाजपा में कांग्रेस से अनेक दावेदार टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय के रूप में खंभ ठोकते नजर आएंगे।

जातिगत समीकरणों को देखते हुए भाजपा कांग्रेस अहीर, सैनी और ब्राह्मण के अलावा किसी पर दांव नहीं लगाती दिख रही । सूत्रों के अनुसार आम आदमी पार्टी भी इन्हीं तीन बिरादरी में से एक जाति के प्रत्याशी को मैदान में उतरना चाहती है। इन जातियों से बाहर किसी भी पार्टी में अन्य जाति पर दांव लगाया तो उसे शिकस्त खानी पड़ सकती है।

Previous post

हरियाणा चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन से दिल्ली में शर्मा ने की मुलाकात कर अटेली से जताई दावेदारी

Next post

गुरुग्राम का विकास और सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य पहले भी रहा और आज भी है : उमेश अग्रवाल

You May Have Missed