तिरंगा हमारे देश की शान- लोकनिर्माण मंत्री डा. बनवारी लाल

पुलिस विभाग की हर घर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया मंत्री ने

गुरुग्राम, 14 अगस्त। प्रदेश के लोकनिर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा है कि तिरंगा झंडा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस तिरंगे की खातिर देश के शूरवीरों ने अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए हैं।
मंत्री डा. बनवारी लाल आज हर घर तिरंगा यात्रा को रवाना करने के अवसर पर पुलिस अधिकारियों और जवानों को संबोधित कर रहे थे। पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी में राष्ट्रीय भावना को जागृत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान चलाया हुआ है। देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों तथा वीरों ने कितने बलिदान दिए, यह राष्ट्रीय ध्वज हमें उसी त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। हरियाणा पुलिस की सराहना करते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि पुलिस जवानों की बदौलत ही हम सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने भारत भूमि का गुणगान करते हुए कहा कि इससे सुंदर देश दुनिया में और कहीं नहीं है। हमें अपने देश पर गर्व होना चाहिए। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि गत वर्ष गुरुग्राम जिला में हर घर तिरंगा अभियान के तहत पांच लाख झंडों का वितरण किया गया था। इस बार भी गांवों और शहर में सफलता पूर्वक तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। नगर निगम के आयुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम् की प्रेरणा हमें अपने राष्ट्रीय ध्वज से मिलती है। एमसीजी ने भी अपने स्तर पर हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता की है।

लोकनिर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने इस अवसर पर पुलिस जवानों को राष्ट्रीय ध्वज का मान-सम्मान बरकरार रखने की शपथ दिलवाई। उसके बाद वे हाथ में तिरंगा थाम कर पुलिस जवानों के साथ चले और हरी झंडी दिखाकर यात्रा को सुभाष चौक की ओर रवाना किया। इस अवसर पर डीसीपी विरेन्द्र विज, मयंक गुप्ता, डा. अर्पित जैन, करण गोयल, सिद्धांत जैन, दीपक कुमार इत्यादि उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!