मनोहर लाल खट्टर को बीजेपी ने चार साल में बाहर कर पहला अग्निवीर बनाया : संजय सिंह

डबल इंजन की सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर जवानों के पेट और पीठ पर लात मारी: संजय सिंह

जिस दिन इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में डाल देंगे: संजय सिंह

आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो पुराने बिजली बिलों को फाड़ कर फेंक देना: संजय सिंह

जेल में अरविंद केजरीवाल की सेहत ठीक नहीं, कोई भी अनहोनी घटना घट सकती है: संजय सिंह

मोदी जी अरविंद केजरीवाल की रिहाई रोक सकते हैं, हरियाणा के लोगों के दिलों में अरविंद केजरीवाल बसते हैं उसको कैसे रोकोगे: संजय सिंह

किसानों पर लाठियों और गोलियां चलाने वाली सरकार को हटाना है और अरविंद केजरीवाल को लाना है: संजय सिंह

शिक्षा मंत्री कहती हैं शिक्षा पर राजनीति मत करो तो क्या धर्म और जात पात पर राजनीति करें?: अनुराग ढांडा

बीजेपी सरकार ने पिछ्ले 10 साल में हरियाणा में 3000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए: अनुराग ढांडा

अब हरियाणा में शिक्षा पर ही राजनीति होगी, जो शिक्षा की बात करेगा वो हरियाणा पर राज करेगा: अनुराग ढांडा

करनाल, 31 जुलाई – आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बुधवार को करनाल में बदलाव जनसभा को संबोधित कर हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल के लिए प्रदेश की जनता का समर्थन मांगा। इस दौरान वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, जयपाल शर्मा, बीके कौशिक, रणदीप राणा, सुनील बिंदल, बलविंदर सिंह, दलविंदर सिंह चीमा, रिशा नैन, हवा सिंह, राजेश्वरी सिंह, संजीव मेहता, परवीन पूनिया, लाभ सिंह आर्य और नवीन चंद मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा हरियाणा में भी अग्निवीर योजना लागू हो गई है। मनोहर लाल खट्टर को चार साल में ही बाहर कर दिया, उनको बीजेपी ने अग्निवीर बना दिया। इस बार नायब सिंह को जनता सत्ता से बाहर करेगी।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को इस देश की तानाशाह हुकूमत ने कई महीनों से जेल में डाल रखा है। आज अरविंद केजरीवाल की सेहत ठीक नहीं है। उनके साथ जेल में कोई अनहोनी घटना घटित हो सकती है। हरियाणा के लोगों को ये बताना जरूरी है कि जेल में हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल की हालत कैसी है।

उन्होंने कहा कि यदि शुगर का स्तर 70 से नीचे गिरता है तो कोई भी व्यक्ति खतरनाक स्थिति में पहुंच जाता है। अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल कोई एक दो बार नहीं करीब सात बार 50 से नीचे चला गया। क्योंकि उनकी आंत में एक मशीन लगी हुई है जो शुगर का लेवल बताती है। अरविंद केजरीवाल को ईडी कोर्ट ने जमानत दे दी और कहा की अरविंद केजरीवाल के निर्दोष है। लेकिन बावजूद इसके उनकी रिहाई पर रोक लगा दी। मोदी जी अरविंद केजरीवाल की रिहाई पर रोक तो लगा सकती है लेकिन दिल्ली और हरियाणा के लोगों के दिलों में जो अरविंद केजरीवाल बसता है। उस पर रोक नहीं लगा सकते।

उन्होंने कहा कि मोदी जी अरविंद केजरीवाल के पिछे इसलिए पड़े हैं क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने आईआईटी से पढ़ाई कर इनकम टैक्स के कमिश्नर बने, उस नौकरी को लात मारकर झुग्गी झोपड़ियों में रहने लगे और गरीबों की लड़ाई लड़ी। उसके बाद अन्ना जी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार निरोधी आंदोलन पूरे देश में खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल को 2013 में मुख्यमंत्री बनाया। 2015 में बीजेपी हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र जीतकर गए थे। प्रधानमंत्री मोदी देश का चुनाव जीते थे। जब दिल्ली के रामलीला मैदान में पहुंचे तो कहने लगे की अरविंद केजरीवाल तो बदनसीब है इसे हरा देना। लेकिन दिल्ली की जनता ने कहा लोकतंत्र के मालिक हम हैं और नसीब हम लिखते हैं, 70 में से अरविंद केजरीवाल को 67 सीटें दी। बीजेपी को तीन सीटें देकर स्कूटर पार्टी बना दिया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों के पास ताकत है आपको तय करना है कि हरियाणा में बीजेपी, कांग्रेस, इनेलो का राज होगा या आम आदमी पार्टी का राज होगा। जो दिल्ली में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी, महिलाओं के लिए बस यात्रा और युवाओं के लिए रोजगार का इंतज़ाम कर रही है। जिस दिन हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी पुराना बिजली का बिल फाड़ कर फेंक देना, बिजली का बिल जीरो किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में बेरोजगारी, शिक्षा की बहुत बड़ी समस्या है। एक तरफ अरविंद केजरीवाल है जिसने दिल्ली में सबकुछ मुफ्त करने का काम किया। केजरीवाल के सरकारी स्कूल को देखने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति की पत्नी दिल्ली आती हैं। मोदी जी कहते हैं हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात का स्कूल देख लो। ट्रंप की पत्नी ने कहा केजरीवाल और सिसोदिया का स्कूल देखना है। आजादी के बाद ऐसी पहली आम आदमी पार्टी की सरकार है जिसने दिल्ली के सरकारी स्कूलों में एसी लगवाए, स्विमिंग पूल बनवाए और ग्राउंड बनवाए।

उन्होंने कहा कि जिस बीजेपी सरकार ने हरियाणा में 3000 सरकारी स्कूल बंद किए। उस भाजपा को हराना है, तो झाड़ू वालों को जिताना पड़ेगा। एक बार झाड़ू वाला को जिता दो, जैसे दिल्ली-पंजाब की गंदगी साफ की है, ऐसे ही हरियाणा की गंदगी साफ करेंगे। घर, गांव और शहर की सफाई करने के लिए झाड़ू की जरूरत पड़ती है। हरियाणा प्रदेश की सफाई करने के लिए भी झाड़ू चाहिए। बीजेपी वालों का सत्ता का भूत उतारने का काम झाड़ू करेगा। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 में आपने नरेंद्र मोदी को सभी सीटों पर जिताया और दो बार विधानसभा में जितवाया। नौजवान का सपना होता है सेना में भर्ती होना, तिरंगे के लिए कुर्बानी देने को हरियाणा का युवा तैयार रहता है। हरियाणा के हर गांव में एक शहीद स्मारक मिलता है। आज डबल इंजन की सरकार ने उन जवानों के पेट और पीठ पर लात मारने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी की सरकार सरकार एक साल से ज्यादा नहीं टिकेगी। जिस दिन इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में डाल देंगे। हमें अग्निवीर योजना नहीं चाहिए, हमें सेना की पुरानी भर्ती चाहिए। जिसमें सेना का जवान 17 साल तक भारत माता की सेवा के लिए तैयार रहता है। अग्निवीर योजना जब तक खत्म नहीं होगी, तब तक आम आदमी पार्टी लड़ाई लड़ती रहेगी। हम सड़क पर भी लड़ते हैं, और सदन सदन में भी लड़ते हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं हम अग्निवीर योजना से भारत की सेना को युवा बना रहे हैं। हमारी सेना जिसने पाकिस्तान को बार-बार हराया, क्या वह युवा नहीं थी, बहादुर नहीं थी? हरियाणा वाले कह रहे हैं सेना को युवा हम बनाएंगे, पहले प्रधानमंत्री को युवा बना दो। 73 साल की उम्र में मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं और 21 साल की उम्र में हरियाणा का नौजवान रिटायर हो जाएगा, ये हमें मंजूर नहीं।

उन्होंने कहा देश में पेपर लीक हो रहे हैं। नीट, पुलिस, जज और क्लर्क का पेपर लीक हो रहा है। देश में पेपर लीक सरकार चल रही है। इस बजट में रक्षा, किसानी, खेल, समाज कल्याण, खाद का बजट कम कर दिया। सभी बजट कम कर दिए, लेकिन पूंजीपतियों का टैक्स नहीं बढ़ाया। चंद पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए माफ कर दिए। किसान कहता है हमारा कर्ज माफ कर दो, युवा कहते हैं अग्निवीर योजना बंद करके सेना की भर्ती बंद कर दो, महिलाएं कहती हैं महंगाई कम कर दो, बुजुर्ग पेंशन मांगते हैं तो सरकार कहती है पैसा नहीं है। ये पैसा बड़े बड़े पूंजीपतियों के पास गया है। जो किसानों पर लाठियों और गोलियां चलाते हैं, ऐसी सरकार को हटाना है और हरियाणा में अरविंद केजरीवाल को लाना है।

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा बहुत बड़े बदलाव की तरफ बढ़ रहा है। आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में पिछले एक सप्ताह में दस बड़ी रैलियां की हैं। हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में आज तक कोई पार्टी किसी ने 15 दिन में 45 रैलियों की घोषणा भी नहीं की। आम आदमी पार्टी ने न केवल घोषणा की पूरे हरियाणा के हर हिस्से में लोग आम आदमी पार्टी की विचारधारा को सुनने के लिए बड़ी तादात में पहुंच रहे हैं। सभी पार्टियों के होश उड़े हुए हैं कि हरियाणा में ये कैसा बदलाव शुरू हो गया।

उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी में भी लोगों का आम आदमी पार्टी की जन सभाओं में पहुंचना बताता है कि इस बार आपका हरियाणा में बदलाव का मन है। हरियाणा के लोगों ने सबको मौका दिया। लेकिन कोई भी पार्टी जनता की मूलभूत सुविधाओं पर काम नहीं कर पाई। हरियाणा न 24 घंटे और मुफ्त बिजली मिलती। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा को पहली गारंटी दी है कि 24 घंटे और मुफ्त बिजली देंगे। ये बीजेपी वाले कहते हैं गरीबों को अच्छा ईलाज नहीं मिलना चाहिए। केजरीवाल कहते हैं प्राइवेट से बेहतर ईलाज देंगे और हरियाणा में सबको मुफ्त में ईलाज देंगे।

उन्होंने कहा कि आज तक किसी पार्टी ने हरियाणा के स्कूलों को शानदार नहीं बनाया। बीजेपी सरकार ने पिछ्ले 10 साल में हरियाणा में 3000 सरकारी स्कूल बंद कर दिए। बीजेपी वाले नहीं चाहते कि गरीब का बच्चा पढ़े। शिक्षा मंत्री कहती हैं शिक्षा पर राजनीति मत करो तो क्या धर्म और जात पात पर राजनीति करें। अब हरियाणा में शिक्षा पर ही राजनीति होगी, जो शिक्षा की बात करेगा वो हरियाणा पर राज करेगा। केजरीवाल कहते हैं हरियाणा के एक एक सरकारी स्कूल को शानदार बनाएंगे और हर बच्चे को अच्छी शिक्षा देंगे। माताओं बहनों को हर महीने एक हजार रुपए की गारंटी देने का काम करेगी आम आदमी पार्टी की सरकार। वहीं युवाओं के लिए अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हरियाणा के सभी युवाओं को 100 प्रतिशत रोजगार देंगे। 2 लाख खाली पड़े सरकारी पदों को पहली कलम से भरेंगे।

उन्होंने कहा मुझे नहीं लगता कि इन पांच गारंटियों के बाद किसी के जीवन में कोई मूलभुत मुश्किल रह जाती है। ये पांच गारंटियां हरियाणा के भविष्य की नींव है। जब ये नींव मजबूत होगी तो पूरे हरियाणा में लोग खुशहाल जीवन जी सकेंगे। बीजेपी ने हरियाणा के लोगों को फैमिली आईडी और प्रॉपर्टी आईडी के सिवा कुछ नहीं दिया। प्रदेश के लोग कागज लेकर दफ्तरों में घूम रहे हैं। हरियाणा सुरक्षा के मामले में पूरे देश में अंतिम पायदान पर है और बेरोजगारी में नंबर वन है। इन्होंने हरियाणा को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल को फर्जी केस में जेल में डाला है। बीजेपी में हरियाणा के बेटे अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल कर हरियाणा वासियों को ललकारा है। अब जवाब देने का वक्त है। इस बार हरियाणा की जनता अपने बेटे और हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल को मौका देने जा रही है। बीजेपी को इस बार एक भी सीट जीतने नहीं देना।

You May Have Missed

error: Content is protected !!