चौधरी संतोख सिंह ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए आवेदन किया

गुरुग्राम, 31 जुलाई। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए आवेदन किया। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गाँव झाड़सा के स्थायी निवासी चौधरी संतोख सिंह दो बार जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के प्रधान चुने गए। वह जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम के विचार विभाग (इंटेलेक्चुअल सेल) के अध्यक्ष रहे हैं। वह सामाजिक संगठन संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष हैं तथा गुरुग्राम के विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ़ समाज के हर वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है।

उन्होंने गुरुग्राम में किसान आन्दोलन, महिला पहलवान यौन उत्पीड़न आंदोलन, मज़दूर आंदोलन, आंगनवाड़ी वर्कर आंदोलन, आशा वर्कर आंदोलन, सफ़ाई कर्मचारी आंदोलन तथा जनहित के अन्य मुद्दों पर संघर्ष किया है। उन्होंने गुरुग्राम में किसान आंदोलन का लगातार 378 दिन तक नेतृत्व किया। सभी काम छोड़कर धरने-प्रदर्शन, ट्रैक्टर यात्राएं, रेल रोको, बाइक रैली, मशाल जुलूस, साइकल रैली, भारत बंद, पद यात्राएँ तथा सैकड़ों अन्य कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने किसानों की माँगो के समर्थन में गिरफ़्तारियाँ दी।

उन्होंने महिला पहलवान यौन उत्पीड़न मामले में महिला पहलवानों के आंदोलन का पुरज़ोर समर्थन किया और धरना-प्रदर्शनों में शामिल होकर महिला पहलवानों के समर्थन में गिरफ़्तारियाँ दी। उन्होंने गुरुग्राम निगम क्षेत्रों में वर्षों पुराने मकानों की नाजायज़ तोड़फोड़ के विरोध में पंचायत एवं धरना-प्रदर्शन किए। उन्होंने गुरुग्राम एवं मानेसर निगम क्षेत्र के गांवों में सभी नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए तथा निगम क्षेत्र के गांवों से हाउस प्रॉपर्टी टैक्स ख़त्म करवाने के लिए गाँव-गाँव जाकर जनजागरण अभियान चलाया।

उन्होंने हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लिया। उन्होंने समाज को नशा मुक्त करने के लिए जन जागरण अभियान चलाया। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाया। उन्होंने कोरोना काल में सक्रिय रहते हुए ज़रूरत मंद व्यक्तियों की हर संभव मदद की। उन्होंने ग़रीब आदमी एवं आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं के लिए मुफ़्त क़ानूनी सहायता की।वह हमेशा जनता के दुख-सुख में शामिल रहे हैं और जनता में उनकी पहचान एक संघर्षशील व्यक्ति की है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!