हरियाणा को बजट में कुछ ना देकर भाजपा ने मान ली है हार: पंकज डावर

-सिर्फ मजबूरी के लिए ही पेश किया गया है यह बजट

गुरुग्राम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने मंगलवार को पेश किए गए आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि हरियाणा को बजट में कुछ नहीं दिया गया है। यह हाल तो तब है जब हरियाणा में अगले दो महीने में चुनाव होने हैं। सरकार की इस कार्यशैली से यह कहा जा सकता है कि बीजेपी ने हरियाणा में हार मानी ली है। यह हकीकत भी है कि हरियाणा में अब बदलाव होना निश्चित है।

पंकज डावर ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से दिशाहीन है। औचित्यहीन है। जिनकी बैसाखियों से सरकार चल रही है, उन राज्यों पर सरकार ने सब कुछ लुटाने का काम किया है। बाकी देश को झुनझुना पकड़ा दिया है। महिलाओं की सुरक्षा देश में अहम मुद्दा रहता है। इसे सरकार ने दरकिनार कर दिया। युवाओं को अस्थायी रोजगार की राह दिखाकर उन्हें भटकाने का काम किया है। युवाओं को स्थायी रोजगार चाहिए, ताकि वे अपना जीवन बिना किसी चिंता के बिता सकें। भाजपा सरकार ऐसा होने नहीं देना चाहती।

पंकज डावर ने कहा कि बजट देश को विकास के रास्ते पर ले जाने की बजाय भटकाने वाला है। यह बजट देश के विकास का नहीं है। इस बजट से सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र मोदी की सरकार, भाजपा की सरकार को गिरने से बचाने का रास्ता निकाला गया है। देश के लोगों को अच्छे दिन आने की एक बार फिर से उम्मीद थी, जो नहीं लाये गये। भाजपा सरकार को लोकसभा में देश की जनता ने आइना दिखाया है, अब हरियाणा व अन्य राज्यों के चुनावों में जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी के लिए महंगाई कम करके राहत दी जानी चाहिए। सोना, चांदी हर व्यक्ति की पहुंच में नहीं होते। यह तो देश के गरीब आदमी के साथ मजाक करने जैसा है। अगर सस्ता करना था तो खाद्य पदार्थों को किया जाता। बड़ी कंपनियों को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों पर से महंगाई कम नहीं की गई।

You May Have Missed

error: Content is protected !!