मोहन लाल बड़ौली 14 जुलाई को विधिवत रूप से रोहतक में संभालेंगे प्रदेश अध्यक्ष का पदभार

मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत तमाम बड़े नेता एवं पदाधिकारी रहेंगे मौजूद

पदभार ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने ली पदाधिकारियों की बैठक, दिए जरूरी दिशा निर्देश

चंडीगढ़, 12 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली 14 जुलाई रविवार को रोहतक स्थित पार्टी  के प्रदेश कार्यालय “मंगल कमल” में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को विधिवत रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पद ग्रहण करवाएंगे। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी, प्रदेश के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी एवं तमाम बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष का पदग्रहण समारोह भव्य हो इसके लिए शुक्रवार को पार्टी कार्यालय मंगल कमल में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में समारोह की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां दी गई।भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी एवं सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने बताया कि पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में संगठन मंत्री शर्मा ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने का आह्वान किया है। शर्मा ने कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष के स्वागत के लिए हर कार्यकर्ता कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि बैठक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि चुनावी समय होने की वजह से हर कार्यकर्ता अपनी भागीदारी इस कार्यक्रम में सुनिश्चित करें और प्रदेशाध्यक्ष का भव्य स्वागत करें। बैठक में जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका ने जिला के सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारी देते हुए कहा कि रोहतक जिला इस भव्य स्वागत समारोह में हर लिहाज से अग्रणी रहकर अपनी भूमिका सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ व विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि जिन-जिन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारियां दी गई है उन्हें पूरी शक्ति के साथ पूरा करें ताकि समारोह में कोई कमी ना रहे।

 श्री सैनी और श्री खरक ने बताया कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। बड़ौली के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी हर दिन जनहित में नए-नए निर्णय ले रहे हैं जिस कारण प्रदेश का हर वर्ग भाजपा से खुश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व व मार्गदर्शन में कार्यकर्ता नायब सरकार की नीतियों और योजनाओं को लेकर घर-घर जाएंगे। मीडिया प्रभारी ने दावा किया कि जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा की  सरकार बनेगी।

आज की बैठक में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका,जिला महामंत्री आशा शर्मा,पूर्व विधायक सरिता नारायण,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मपाल मकड़ौली,पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर राजकमल सहगल,पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, रमेश भाटिया, एडवोकेट राजबाला चहल, शिशपाल चौहान, शमशेर कलिंगा, जिला उपाध्यक्ष वीरसिंह हूडा, उदयभान मलिक, पंकज छाबड़ा, सत्यप्रकाश बिसला, जिला सचिव गीता आहल्याण, जिला कोषाध्यक्ष सतीश आहूजा, जिला प्रवक्ता धर्मेंद्र सैनी,अमित बंसल,सतीश चौधरी, तकदीर खरकड़ा,राजकुमार सुनारियां, सुनीता यादव, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, जिला के सभी मंडल अध्यक्ष, जिला मीडिया संपर्क प्रमुख अजय शर्मा आदि सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!